उत्तराखंड में साइबर ठगी की शिकायत होगी आसान, हेल्पलाइन 1930 पर AI एजेंट करेगा मदद

देहरादून, सत्य संवाद 24×7। उत्तराखंड में साइबर ठगी के पीड़ितों की मदद के लिए STF की साइबर क्राइम पुलिस हेल्पलाइन नंबर 1930 पर AI आधारित व्यवस्था का ट्रायल कर रही है। इससे अधिक कॉल अटेंड करने, पीड़ितों की शुरुआती जानकारी जुटाने और शिकायत दर्ज कराने में लगने वाला समय कम करने में मदद मिलेगी।

हिंदी-अंग्रेजी में ट्रायल, स्थानीय भाषाएं भी होंगी शामिल

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह के मुताबिक, फिलहाल AI सिस्टम की कुछ हेल्पलाइन लाइनों पर परीक्षण किया जा रहा है। इसमें AI एजेंट शुरुआती जानकारी लेकर शिकायतकर्ता को मार्गदर्शन देगा, जबकि पुलिसकर्मी भी कॉल अटेंड करेंगे। भविष्य में इस सुविधा में गढ़वाली, कुमाऊंनी और जौनसारी भाषाओं को शामिल करने पर विचार किया जा रहा है।

Advertisement

शिकायत के बाद मिलेगा मैसेज, डेटा सुरक्षा पर भी जोर

एसपी साइबर शांतनु पाराशर ने व्यवस्था का प्रदर्शन करते हुए बताया कि जरूरी जानकारी लेने और प्रक्रिया पूरी होने के बाद शिकायतकर्ता को संदेश भेजने की व्यवस्था होगी। संवेदनशील जानकारी सुरक्षित रखने के लिए अलग सर्वर तैयार करने और AI कंपनी के साथ डेटा सुरक्षा संबंधी शर्तों पर समझौता करने की योजना है।

ठगी की रकम रोकने में मिलेगी मदद

साइबर ठगी के मामलों में शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। शिकायत में देरी होने पर रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर हो सकती है। AI व्यवस्था से कॉल का दबाव कम होने और पुलिस को संबंधित बैंकों से संपर्क कर संदिग्ध रकम होल्ड कराने की कार्रवाई में मदद मिलने की उम्मीद है। हालांकि, रकम वापस मिलने की गारंटी नहीं है।

ध्यान रखें: साइबर ठगी होते ही तुरंत 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। बैंक को भी तत्काल सूचना दें।

सत्य संवाद 24×7