अल्मोड़ा में 23 अक्टूबर से EVM-VVPAT की जांच शुरू, 25 CCTV कैमरों की निगरानी में होगी पूरी प्रक्रिया

अल्मोड़ा, सत्य संवाद 24×7।उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में आगामी चुनावी तैयारियों के तहत 23 अक्टूबर से ईवीएम (EVM) और वीवीपैट (VVPAT) की प्रथम स्तरीय जांच (FLC) शुरू होगी। स्यालीधार स्थित ईवीएम वेयरहाउस में होने वाली यह जांच प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक चलेगी। रविवार और अन्य अवकाश के दिनों में भी जांच जारी रहेगी।

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर जांच प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था और मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी दी गई।

Advertisement

राजनीतिक दलों से दो-दो प्रतिनिधि नामित करने की अपील

जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से जांच प्रक्रिया में भागीदारी के लिए दो अधिकृत प्रतिनिधि नामित करने को कहा है। प्रतिनिधियों का नाम, मोबाइल नंबर, पूरा पता, पिता या पति का नाम और पहचान पत्र से संबंधित विवरण 22 अक्टूबर तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पासपोर्ट आकार के दो नवीनतम फोटो और पहचान पत्र की छायाप्रति भी जमा करनी होगी।

25 CCTV कैमरों की निगरानी, सशस्त्र पुलिस बल तैनात

ईवीएम वेयरहाउस में पहले से 25 सीसीटीवी कैमरे स्थापित हैं। जांच के दौरान सुरक्षा के लिए एक सेक्शन सशस्त्र पुलिस बल तैनात किया जाएगा। प्रवेश द्वार पर मेटल डिटेक्टर और तलाशी की व्यवस्था रहेगी। पूरी प्रक्रिया की वेबकास्टिंग होगी, जिसकी निगरानी भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय करेंगे।

एफएलसी हॉल में मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर और कैमरा ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। मशीनों की तकनीकी जांच के लिए निर्धारित तीन अधिकृत मोबाइल फोन को ही अनुमति होगी।

सही मशीनों पर हरा, खराब पर लाल स्टीकर

जांच में सही पाई जाने वाली मशीनों पर हरा और खराब पाई जाने वाली मशीनों पर लाल स्टीकर लगाया जाएगा। खराब मशीनों को अलग कक्ष में सुरक्षित रखकर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था के साथ एक सप्ताह के भीतर निर्माता कंपनी ईसीआईएल को वापस भेजा जाएगा। जांच पूरी होने के बाद सही पाई गई मशीनों में से निर्धारित प्रक्रिया के तहत चयनित 5 प्रतिशत मशीनों पर मॉक पोल कराया जाएगा।

4 जनवरी 2027 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन

बैठक में 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी भी दी गई।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार:

  • 2 नवंबर 2026 तक: मतदेय स्थलों का युक्तिकरण एवं पुनर्व्यवस्थापन।
  • 12 नवंबर 2026: मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन।
  • 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026: दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी।
  • 28 दिसंबर 2026 तक: दावों और आपत्तियों का निस्तारण।
  • 4 जनवरी 2027: मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन।

निर्वाचन विभाग के अनुसार, ईवीएम-वीवीपैट की जांच और मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया में पारदर्शिता, सुरक्षा और राजनीतिक दलों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।

सत्य संवाद 24×7