ग्रेटर नोएडा में 23वीं मंजिल से गिरकर पिता-पुत्र की मौत, फूल तोड़ते समय हुआ दर्दनाक हादसा

ग्रेटर नोएडा। सत्य संवाद 24×7।ग्रेटर नोएडा वेस्ट की महागुन मायवुड्स सोसायटी में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में पिता और उनके 11 वर्षीय बेटे की मौत हो गई। दोनों 23वीं मंजिल स्थित फ्लैट की बालकनी से नीचे गिर गए। बताया जा रहा है कि पिता पूजा के लिए बालकनी से फूल तुड़वा रहे थे। इसी दौरान बेटे का पैर फिसल गया और वह नीचे गिरने लगा। बेटे को बचाने की कोशिश में पिता भी संतुलन खो बैठे और नीचे गिर गए। हादसे के बाद सोसायटी में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार, 30 अक्टूबर को थाना बिसरख पुलिस को पीआरवी के माध्यम से महागुन मायवुड्स सोसायटी के टॉवर-23 में दो लोगों के ऊंचाई से गिरने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। वहां 40 वर्षीय रणदीप पात्रा और उनका 11 वर्षीय बेटा आरव गंभीर हालत में पड़े मिले। पुलिस दोनों को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Advertisement

पूजा के लिए बालकनी से तोड़ रहे थे फूल

मृतक रणदीप की पत्नी के अनुसार परिवार को सुबह जल्दी खाटू श्याम मंदिर जाने के लिए निकलना था। इसी सिलसिले में उनके पति और बेटा पूजा के लिए बालकनी से फूल तोड़ रहे थे। इसी दौरान बेटा सीढ़ी से फिसलकर नीचे गिरने लगा। उसे बचाने के प्रयास में रणदीप भी संतुलन खो बैठे और दोनों 23वीं मंजिल से नीचे गिर गए।

घटना के बाद थाना बिसरख पुलिस ने दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

इस दर्दनाक हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस घर में सुबह मंदिर जाने की तैयारी हो रही थी, वहां कुछ ही पलों में खुशियां मातम में बदल गईं। पिता और बेटे की एक साथ मौत की खबर से सोसायटी के साथ आसपास के क्षेत्र में भी शोक की लहर है।

सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त