सरदार पटेल की प्रतिमा पर मेयर विकास शर्मा ने किया माल्यार्पण, राष्ट्र की एकता और अखंडता का लिया संकल्प

रुद्रपुर। सत्य संवाद 24×7। भारत के लौह पुरुष एवं देश की एकता और अखंडता के प्रतीक सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को आवास विकास स्थित पटेल पार्क में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मेयर विकास शर्मा ने भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर मेयर विकास शर्मा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, समर्पण और दृढ़ संकल्प का प्रतीक रहा है। उन्होंने देश की रियासतों का एकीकरण कर भारत को एक सूत्र में पिरोने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में उनका योगदान सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।

Advertisement

उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के आदर्श, विचार और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की भावना हमें सदैव देश और समाज की सेवा के लिए प्रेरित करती रहेगी। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही मजबूत, एकजुट और समृद्ध भारत के निर्माण में योगदान दिया जा सकता है।

कार्यक्रम में भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने सरदार वल्लभभाई पटेल को नमन करते हुए उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त