मासी (चौखुटिया)। सत्य संवाद 24×7। सड़क की बदहाली और लंबे समय से लंबित विकास कार्यों को लेकर शनिवार को मासी में लोगों का आक्रोश सड़कों पर उतर आया। मासी-चौखुटिया मोटर मार्ग के डामरीकरण समेत क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मासी मुख्य चौराहे पर चक्का जाम कर दिया। करीब दो घंटे तक चले इस आंदोलन से यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
शनिवार सुबह करीब 9 बजे आंदोलनकारी मासी चौराहे पर एकत्रित हुए और सड़क पर बैठकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र की समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाने के बावजूद जिम्मेदार विभाग और जनप्रतिनिधि गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।
मशीनें हटाने से बढ़ा आक्रोश, सड़क पर उतरने को मजबूर हुए लोग
आंदोलनकारियों का कहना था कि मासी-चौखुटिया मोटर मार्ग के डामरीकरण और सुधारीकरण की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन लोक निर्माण विभाग की ओर से लगातार टालमटोल की जा रही है। डामरीकरण के लिए पहुंचाई गई मशीनों को भी अन्यत्र ले जाने से क्षेत्रवासियों का गुस्सा और बढ़ गया। इसके बाद व्यापार संघ, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने एकजुट होकर चक्का जाम करने का निर्णय लिया।
अधिशासी अभियंता का पत्र लेकर पहुंचे तहसीलदार, 5 नवंबर से काम शुरू करने का भरोसा
करीब दो घंटे तक चले चक्का जाम के बाद तहसीलदार महेंद्र देऊपा अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग की ओर से जारी लिखित पत्र लेकर मौके पर पहुंचे। पत्र में 5 नवंबर से मासी-चौखुटिया मोटर मार्ग पर डामरीकरण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया गया। लिखित आश्वासन मिलने के बाद सुबह करीब 11 बजे आंदोलनकारियों ने चक्का जाम समाप्त कर दिया।
हालांकि, आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि 5 नवंबर से सड़क पर डामरीकरण का काम शुरू नहीं हुआ तो फिर से आंदोलन किया जाएगा। साथ ही क्षेत्र की अन्य लंबित समस्याओं को लेकर भी व्यापक रणनीति बनाकर निर्णायक संघर्ष शुरू किया जाएगा।
सड़क ही नहीं, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार से जुड़ी मांगें भी उठीं
प्रदर्शनकारियों ने मासी क्षेत्र की अन्य समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। इनमें प्रमुख रूप से वर्ष 2023 में मुख्यमंत्री की ओर से अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र मासी के उच्चीकरण की घोषणा पर अब तक अमल नहीं होने का मुद्दा शामिल रहा। इसके अलावा मासी आईटीआई में तीन नए ट्रेड स्वीकृत करने और भूमि उपलब्ध होने के बावजूद मासी महाविद्यालय के भवन का निर्माण नहीं होने पर भी नाराजगी जताई गई।
आंदोलनकारियों ने कहा कि मासी क्षेत्र की लगातार अनदेखी की जा रही है। अब क्षेत्र के लोग एकजुट होकर अपनी मांगों को पूरा कराने के लिए संघर्ष करेंगे।
दो घंटे जाम में फंसे रहे यात्री, वाहनों की लगी लंबी कतारें
चक्का जाम के चलते आम यात्रियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। गढ़वाल और चौखुटिया के विभिन्न क्षेत्रों से रामनगर और दिल्ली आने-जाने वाले वाहनों के साथ स्थानीय यातायात भी प्रभावित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस प्रशासन की ओर से आंदोलनकारियों से जाम खोलने की अपील की गई, लेकिन लिखित आश्वासन मिलने तक आंदोलनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे।
ये लोग रहे आंदोलन में शामिल
चक्का जाम और प्रदर्शन में क्षेत्र पंचायत सदस्य महेश लाल वर्मा, ग्राम प्रधान मासी दया मासीवाल, व्यापार संघ अध्यक्ष हेमंत गौड़, पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी, गोपाल मासीवाल, गिरीश आर्या, हरीश लाल, हेम गौड़, चंद्रशेखर वर्मा, संतोष मासीवाल, चंद्रशेखर जोशी, संजय भंडारी, विपिन जोशी, डॉ. सेन गुप्ता, कपिल शर्मा, पवन वर्मा, अशोक कुमार, योगेश मासीवाल, खीम सिंह, चंदन चौहान, गोपाल सिंह अधिकारी, विपिन शर्मा, भगवत सिंह, मोहन वर्मा, जगदीश मासीवाल, भगवत मेहरा, हरेंद्र नायक, कृष्णा राठौर और कृपाल देवतल्ला सहित अनेक ग्रामीण व व्यापारी मौजूद रहे।
अब निगाहें 5 नवंबर पर टिकी हैं। लिखित आश्वासन के बाद भले ही आंदोलन समाप्त हो गया हो, लेकिन क्षेत्रवासियों ने साफ कर दिया है कि सड़क पर काम शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन फिर तेज होगा।
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त

