हल्द्वानी में शादी समारोहों के लिए समय सीमा तय, रात 12 बजे के बाद बंद होगी भोजन व्यवस्था; नियम तोड़ने पर FIR की चेतावनी

हल्द्वानी (नैनीताल)। सत्य संवाद 24×7। विवाह समारोहों के सीजन के बीच हल्द्वानी में आयोजनों को लेकर नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी है। विवाह समारोह संयुक्त संघर्ष समिति ने स्पष्ट किया है कि अब शादी समारोहों में रात 12 बजे के बाद भोजन नहीं परोसा जाएगा। निर्धारित समय के बाद भोजन परोसने या व्यवस्था में बाधा डालने पर संबंधित आयोजकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।

समिति के संयोजक नवीन पांडे सन्नू, टेंट एसोसिएशन अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह बिष्ट, कैटर्स एसोसिएशन अध्यक्ष रूपेंद्र नागर, बैंक्वेट एसोसिएशन अध्यक्ष धीरज पांडे और उत्तराखंड टेंट व्यापार एसोसिएशन के कुमाऊं प्रभारी ने संयुक्त बयान जारी कर यह जानकारी दी।

Advertisement

पिछले साल से चल रही थी पहल, अब सख्ती से होगा पालन

समिति पदाधिकारियों ने बताया कि पिछले वर्ष से ही विवाह समारोहों में रात 12 बजे तक भोजन व्यवस्था समाप्त करने की पहल की जा रही है। इस बार इस नियम को अधिक सख्ती के साथ लागू किया जाएगा। उन्होंने शादी समारोहों की बुकिंग कराने वाले परिवारों और ग्राहकों से अपील की है कि वे समय का ध्यान रखें और दूल्हा-दुल्हन सहित सभी मेहमानों का भोजन रात 12 बजे से पहले पूरा करा लें।

नियम तोड़ने पर आयोजकों के खिलाफ होगी कार्रवाई

संयुक्त बयान में कहा गया है कि रात 12 बजे के बाद भोजन परोसने की व्यवस्था बंद कर दी जाएगी। यदि कोई व्यक्ति निर्धारित समय के बाद भोजन परोसने या व्यवस्था में बाधा डालने का प्रयास करता है तो संबंधित बुकिंग कराने वाले आयोजकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।

कर्मचारियों की सुविधा भी है व्यवस्था का उद्देश्य

समिति पदाधिकारियों के अनुसार, इस व्यवस्था का उद्देश्य विवाह समारोहों को निर्धारित समय में व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है। साथ ही टेंट, कैटरिंग और बैंक्वेट से जुड़े कर्मचारियों के हितों का ध्यान रखना भी इसका प्रमुख कारण है।

उन्होंने बताया कि विवाह समारोहों में काम करने वाले कर्मचारियों को अगले दिन भी अन्य आयोजनों की व्यवस्था संभालनी होती है। ऐसे में समय पर काम समाप्त होना जरूरी है। समिति ने परिवारों और आयोजनकर्ताओं से नई व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।

सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त