हल्द्वानी (नैनीताल)। सत्य संवाद 24×7। कुमाऊं मंडल के आयुक्त दीपक रावत ने भारत सरकार की ओर से संचालित स्वगणना अभियान के तहत अपना ऑनलाइन स्वगणना फॉर्म भरा। उन्होंने आमजन से भी 16 से 30 नवंबर 2026 तक चलने वाली इस प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज कराने की अपील की।
विकास योजनाओं के लिए जनगणना महत्वपूर्ण
आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि देश के भविष्य और विकास की आधारशिला है। इसमें दर्ज की गई सही जानकारी के आधार पर ही सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी योजनाएं बेहतर ढंग से तैयार कर सकती है।
उन्होंने बताया कि स्वगणना की सुविधा के माध्यम से लोगों को प्रगणक (एन्यूमरेटर) के घर आने का इंतजार करने की जरूरत नहीं है। नागरिक ऑनलाइन पोर्टल या मोबाइल ऐप के जरिए घर बैठे अपनी सुविधा के अनुसार स्वयं और परिवार के सदस्यों का विवरण दर्ज कर सकते हैं।
पोर्टल पर 40 सवालों के जवाब देने होंगे
आयुक्त ने बताया कि स्वगणना के लिए नागरिक se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर परिवार के सभी सदस्यों का विवरण भर सकते हैं। पोर्टल पर दिए गए 40 सवालों के जवाब सबमिट करने के बाद एक स्वगणना आईडी प्राप्त होगी। नागरिकों को इस आईडी को सुरक्षित रखना होगा और प्रगणक के घर पहुंचने पर उसे दिखाना होगा।
सही जानकारी दर्ज कराने की अपील
दीपक रावत ने कहा कि स्वगणना से लोगों के समय की बचत होगी और वे अपनी सुविधानुसार जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इससे विवरण भरने में त्रुटियों की संभावना भी कम होगी। उन्होंने बताया कि दर्ज की गई जानकारियों की गोपनीयता बनाए रखी जाएगी।
आयुक्त ने नागरिकों से जागरूकता का परिचय देते हुए समय रहते स्वगणना प्रक्रिया पूरी करने और जनगणना अभियान में अपना योगदान देने की अपील की।
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त

