अल्मोड़ा, सत्य संवाद 24×7। विक्टोरिया प्रीमियर लीग में मंगलवार को क्रिकेट का रोमांच देखने को मिला। दिन के पहले मुकाबले में नितिन कम्युनिकेशन स्ट्राइकर ने दमदार बल्लेबाजी के दम पर विक्टोरिया को 82 रनों से करारी शिकस्त दी। वहीं, पहले क्वालिफायर में यश सनशाइन वॉरियर्स ने रॉयल क्रिकेट क्लब को एकतरफा अंदाज में हराकर फाइनल में सीधे प्रवेश कर लिया। दोनों मुकाबलों में बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।
कमल भट्ट और संतोष जोशी की तूफानी बल्लेबाजी
दिन के पहले मुकाबले में विक्टोरिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। बल्लेबाजी करने उतरी नितिन कम्युनिकेशन स्ट्राइकर की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 246 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से कमल भट्ट ने 39 गेंदों पर 68 रन बनाए, जबकि संतोष जोशी ने महज 22 गेंदों में 55 रनों की तेजतर्रार पारी खेली।
246 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी विक्टोरिया की टीम निर्धारित 20 ओवर में 164 रन ही बना सकी। विक्टोरिया की ओर से जगदीश बिष्ट ने 31 गेंदों पर 73 रन बनाकर मुकाबले में वापसी की कोशिश की, लेकिन उनकी पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी। नितिन कम्युनिकेशन स्ट्राइकर ने यह मैच 82 रनों से अपने नाम किया। शानदार बल्लेबाजी के लिए कमल भट्ट को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
यश सनशाइन वॉरियर्स ने फाइनल का टिकट कटाया
दिन का दूसरा मुकाबला पहला क्वालिफायर था, जिसमें रॉयल क्रिकेट क्लब और यश सनशाइन वॉरियर्स की टीमें आमने-सामने थीं। टॉस जीतकर यश सनशाइन वॉरियर्स ने पहले गेंदबाजी चुनी। टीम के गेंदबाजों ने सटीक लाइन-लेंथ के साथ रॉयल क्रिकेट क्लब के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। रॉयल क्रिकेट क्लब की पूरी टीम 20 ओवर में 108 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
यश सनशाइन की ओर से अंकित ने तीन विकेट झटके, जबकि सागर और हर्ष ने दो-दो विकेट लेकर विपक्षी टीम की पारी समेटने में अहम भूमिका निभाई। 109 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यश सनशाइन वॉरियर्स ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और महज 9.2 ओवर में जीत हासिल कर ली। सागर ने 21 गेंदों पर 51 रनों की विस्फोटक पारी खेली। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। इस जीत के साथ यश सनशाइन वॉरियर्स ने फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
अतिथियों ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
पहले मुकाबले में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
वहीं, पहले क्वालिफायर मुकाबले में उत्तराखंड सरकार के पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान और भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं पूर्व जिलाध्यक्ष रवि रौतेला मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनके प्रदर्शन की सराहना की और आगे के मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दीं।
विक्टोरिया प्रीमियर लीग में टीमों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा के साथ दर्शकों को रोमांचक क्रिकेट देखने को मिल रहा है। यश सनशाइन वॉरियर्स के फाइनल में पहुंचने के बाद अब क्रिकेट प्रेमियों की नजरें खिताबी मुकाबले पर टिकी हैं।
सत्य संवाद 24×7

