हल्द्वानी, सत्य संवाद 24×7। महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर हल्द्वानी में उत्सव का माहौल देखने को मिलेगा। श्री अग्रवाल सभा की ओर से जयंती महोत्सव को भव्य रूप देने की तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन के तहत 15 अक्टूबर को आकर्षक झांकियों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जबकि 17 अक्टूबर को सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रतियोगिताओं और प्रतिभा सम्मान समारोह के बीच जयंती महोत्सव मनाया जाएगा।
रामपुर रोड स्थित अतिथि रेस्टोरेंट में आयोजित वार्ता के दौरान श्री अग्रवाल सभा के अध्यक्ष असीम सिंघल और संयोजक आशुतोष अग्रवाल ने कार्यक्रमों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि 15 अक्टूबर को शाम चार बजे बरेली रोड स्थित लक्ष्मी शिशु मंदिर से शोभायात्रा का शुभारंभ होगा। शोभायात्रा में महाराजा अग्रसेन का डोला विशेष आकर्षण रहेगा। इसके साथ ही शिव तांडव और अघोरी झांकियां भी लोगों का ध्यान आकर्षित करेंगी।
17 अक्टूबर को परिणय वाटिका में सजेगा जयंती महोत्सव
जयंती महोत्सव का मुख्य आयोजन 17 अक्टूबर को मंडी बाईपास रोड स्थित परिणय वाटिका में किया जाएगा। इस दौरान चित्रकला प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रतिभा सम्मान समारोह सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। आयोजन का उद्देश्य समाज की एकता को मजबूत करने के साथ ही बच्चों और युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करना है।
वार्ता में मीडिया प्रभारी विपुल अग्रवाल सहित श्री अग्रवाल सभा के वरिष्ठ पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। सभा की ओर से सभी समाजबंधुओं से कार्यक्रमों में सहभागिता करने की अपील की गई।
सत्य संवाद 24×7

