देहरादून, सत्य संवाद 24×7। अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर उत्तराखंड की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। भाजपा नेता दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने के बाद मामला फिर चर्चा में आ गया है। बीती रात अंकिता भंडारी के परिजनों ने दिल्ली स्थित इंडिया गेट के बाहर प्रदर्शन कर दुष्यंत गौतम की नियुक्ति रद्द करने की मांग उठाई। इस बीच भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने अंकिता भंडारी मामले में हर स्तर पर कार्रवाई की है।
सरकार ने मामले को गंभीरता से लिया: महेंद्र भट्ट
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण में घटना सामने आने के बाद से ही राज्य सरकार ने त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए। उन्होंने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, विशेष जांच दल (एसआईटी) के गठन और प्रभावी अभियोजन की व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने मामले को गंभीरता से लिया।
भट्ट के मुताबिक, पीड़ित परिवार को सहायता उपलब्ध कराने और परिवार की मांगों पर निर्णय लेने की दिशा में भी सरकार ने कदम उठाए। उन्होंने कहा कि इस संवेदनशील मामले में जांच से लेकर कानूनी कार्रवाई तक सरकार ने अपनी जिम्मेदारी निभाई है।
दुष्यंत गौतम की नियुक्ति के बाद फिर उठा मामला
दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने के बाद अंकिता भंडारी प्रकरण एक बार फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गया है। अंकिता के परिजनों द्वारा नियुक्ति रद्द करने की मांग को लेकर दिल्ली में प्रदर्शन किए जाने के बाद उत्तराखंड की सियासत में भी बयानबाजी तेज होने के संकेत हैं।
एक ओर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सरकार की कार्रवाई का बचाव कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर अंकिता के परिजन अपनी मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं। ऐसे में यह मामला प्रदेश की राजनीति में फिर से महत्वपूर्ण मुद्दा बन गया है।
सत्य संवाद 24×7

