देहरादून, सत्य संवाद 24×7।उत्तराखंड में अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। मामले में कथित वीआईपी को राज्यपाल बनाए जाने के विरोध में लोकभवन के बाहर प्रदर्शन करने पर कांग्रेस नेताओं के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, प्रीतम सिंह, हरक सिंह रावत, ज्योति रौतेला और गरिमा दसौनी समेत 30 कांग्रेस नेताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके अलावा 10 से 15 अज्ञात कार्यकर्ताओं को भी एफआईआर में शामिल किया गया है।
बिना अनुमति लोकभवन पहुंचने का आरोप
पुलिस के अनुसार, कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अंकिता भंडारी हत्याकांड प्रकरण में कथित वीआईपी को राज्यपाल बनाए जाने के विरोध में प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के तहत घंटाघर से जिला प्रशासन तक कैंडल मार्च निकालकर ज्ञापन सौंपने की योजना थी, लेकिन आरोप है कि प्रदर्शनकारी बिना अनुमति लोकभवन पहुंच गए और मुख्य गेट के सामने प्रदर्शन करने लगे।
थाना कैंट प्रभारी संतोष सिंह कुंवर की शिकायत के आधार पर दर्ज एफआईआर में कहा गया है कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने और यातायात बाधित नहीं करने की हिदायत दी। इसके बावजूद प्रदर्शनकारियों के नहीं मानने और बैरियर पार कर आगे बढ़ने का प्रयास करने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस ने अतिरिक्त बल बुलाया
पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान सरकारी कार्य में बाधा पहुंचने और यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति बनी। हालात को नियंत्रित करने के लिए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया और प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाया गया।
BNS की इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
एसपी सिटी शेखर सुयाल के मुताबिक, थाना कैंट प्रभारी की शिकायत पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132 और 223 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। नामजद नेताओं में पूर्व विधायक राजकुमार समेत अन्य कांग्रेस नेता भी शामिल हैं।
मामले की विवेचना पुलिस उपनिरीक्षक कैलाश चंद्र भट्ट को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि एफआईआर में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सत्य संवाद 24×7

