देहरादून, सत्य संवाद 24×7।उत्तराखंड के राजीव गांधी नवोदय विद्यालयों की तस्वीर बदलने की तैयारी शुरू हो गई है। राज्य सरकार इन विद्यालयों को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस यानी उत्कृष्टता केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। इसके तहत शिक्षा की गुणवत्ता, शिक्षकों की नियुक्ति, आवासीय सुविधाओं, विद्यार्थियों की सुरक्षा और विद्यालयों के प्रबंधन में सुधार किया जाएगा।
बुधवार को सचिवालय में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर विद्यालयों के संपूर्ण कायाकल्प के लिए अल्पकालिक और दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
सोसाइटी के माध्यम से होगा संचालन
मुख्य सचिव ने राजीव गांधी नवोदय विद्यालयों का संचालन सोसाइटी के माध्यम से करने पर जोर दिया। इसके लिए राज्य स्तर पर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में शासी निकाय और जिला स्तर पर जिलाधिकारियों की अध्यक्षता में समितियां गठित करने की व्यवस्था पर काम करने को कहा गया। सरकारी आवासीय विद्यालयों के संचालन के लिए कानूनी ढांचा तैयार करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि जिम्मेदारियां तय होने के साथ नियमित निगरानी सुनिश्चित की जा सके।
स्थायी प्रधानाचार्य और शिक्षकों की होगी व्यवस्था
विद्यालयों में स्थायी प्रधानाचार्यों और नियमित शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है। स्थायी नियुक्तियां होने तक पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत के अनुसार जिला स्तर पर अस्थायी शिक्षकों की व्यवस्था भी की जा सकेगी। शिक्षकों के चयन में पारदर्शिता और प्रतिस्पर्धा बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
नए सत्र से पहले पूरी होगी प्रवेश प्रक्रिया
मुख्य सचिव ने प्रवेश परीक्षा और दाखिले की प्रक्रिया समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत से कम से कम एक महीने पहले विद्यार्थियों के प्रवेश पूरे कर लिए जाने चाहिए, जिससे कक्षाएं समय पर शुरू हो सकें और पढ़ाई बाधित न हो।
पढ़ाई के साथ खेलकूद और स्वास्थ्य सुविधाओं पर जोर
विद्यालयों में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को सभी जरूरी शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जाएं।
बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चिकित्सा सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा आपातकालीन स्थिति में विद्यार्थियों को अस्पताल पहुंचाने के लिए वाहन सहित जरूरी इंतजाम करने को भी कहा गया।
जरूरत के हिसाब से तय होगा बजट
विद्यालयों में शिक्षकों, अन्य कर्मचारियों और जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता के आधार पर बजट तय करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार की इस पहल का उद्देश्य नवोदय विद्यालयों में शिक्षा और आवासीय व्यवस्था को बेहतर बनाकर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है।
बैठक में सचिव शिक्षा ज्योति यादव, अपर सचिव नवनीत पांडेय, महानिदेशक आकांक्षा कोंडे सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
सत्य संवाद 24×7

