हल्द्वानी में पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ दुष्कर्म का आरोपी किशोर, सुरक्षा गार्द की निगरानी पर उठे सवाल

हल्द्वानी, सत्य संवाद 24×7।हल्द्वानी के सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार 16 वर्षीय किशोर फरार हो गया। किशोर को उपचार के लिए सुरक्षा गार्द की निगरानी में अस्पताल लाया गया था। बृहस्पतिवार, 22 अक्टूबर को दोपहर करीब एक बजे टॉयलेट जाने की बात कहकर वह अस्पताल की खिड़की से कूदकर भाग निकला। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

एक महीने पहले हुई थी गिरफ्तारी

Advertisement

जानकारी के अनुसार, बनभूलपुरा कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक किशोरी से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने करीब एक महीने पहले 16 वर्षीय किशोर को गिरफ्तार किया था। जुवेनाइल कोर्ट के आदेश पर उसे हल्द्वानी स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में रखा गया था।

22 अक्टूबर को किशोर ने तबीयत खराब होने की शिकायत की, जिसके बाद उसे उपचार के लिए बेस अस्पताल लाया गया। इसी दौरान वह सुरक्षा गार्द को चकमा देकर फरार हो गया।

सीसीटीवी और सर्विलांस से तलाश

किशोर के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस को अवगत कराया गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उसे आखिरी बार बनभूलपुरा क्षेत्र में देखे जाने की बात सामने आई है। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। उसके परिजनों और करीबियों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही, सीसीटीवी फुटेज खंगालने और सर्विलांस की मदद से उसकी लोकेशन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि किशोर की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। परिजनों से पूछताछ के साथ सीसीटीवी फुटेज की जांच और सर्विलांस की मदद ली जा रही है। उन्होंने जल्द उसे पकड़ने की बात कही है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

सुरक्षा गार्द की निगरानी में अस्पताल लाए गए किशोर के फरार होने से निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब पुलिस के सामने उसे जल्द पकड़ने की चुनौती है। फिलहाल उसकी तलाश जारी है।

सत्य संवाद 24×7