हल्द्वानी, 29 अक्टूबर 2026। सत्य संवाद 24×7। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में बेड़ा पोखरा, कमोला और दोहनिया दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों में बोनस वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। तीनों समितियों में कुल 3.81 करोड़ रुपये की दुग्ध खरीद पर 29.39 लाख रुपये का बोनस वितरित किया गया। त्योहार से पहले बोनस मिलने पर दुग्ध उत्पादकों ने खुशी जताते हुए आभार व्यक्त किया।
बेड़ा पोखरा समिति में 13.94 लाख रुपये, कमोला समिति में 10 लाख रुपये और दोहनिया समिति में 5.44 लाख रुपये का बोनस दिया गया। कमोला समिति में वर्ष 2025-26 की 49वीं वार्षिक सामान्य निकाय बैठक भी आयोजित हुई।
दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि संघ दुग्ध उत्पादकों के हितों के प्रति प्रतिबद्ध है। पशुपालकों की मेहनत का सम्मान करने और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्पादकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनके हितों को प्राथमिकता देना संघ का लक्ष्य है।
कार्यक्रम में अधिक दूध उपलब्ध कराने वाले प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले दुग्ध उत्पादकों को सम्मानित किया गया। इस दौरान समिति पदाधिकारी, सचिव, संरक्षक और दुग्ध संघ के अधिकारी-कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक मौजूद रहे।
सत्य संवाद 24×7 — सच के साथ, हर वक्त।

