बड़ी उपलब्धि: ISO 9001:2015 प्रमाणपत्र पाने वाला देश का पहला आपदा प्रतिवादन बल बना उत्तराखंड SDRF

देहरादून, सत्य संवाद 24×7।उत्तराखंड राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। SDRF उत्तराखंड को ISO 9001:2015 गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली का प्रमाणपत्र प्रदान किया गया है। इस उपलब्धि के साथ उत्तराखंड SDRF देश का पहला ऐसा आपदा प्रतिवादन बल बन गया है, जिसे यह प्रमाणपत्र मिला है। यह सम्मान बल की कार्यकुशलता, अनुशासन, मानक संचालन प्रक्रियाओं (SOPs) के अनुपालन और व्यवस्थित कार्यप्रणाली को दर्शाता है।

23 से 25 सितंबर तक हुआ ऑडिट, 8 अक्टूबर को मिला प्रमाणपत्र

Advertisement

ISO प्रमाणन प्रक्रिया के तहत 23 से 25 सितंबर 2026 तक SDRF वाहिनी मुख्यालय, जौलीग्रांट में द्वितीय ऑडिट किया गया। भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) की ओर से किए गए इस ऑडिट में प्रशासनिक व्यवस्था, प्रशिक्षण, संसाधन प्रबंधन, दस्तावेजीकरण, गुणवत्ता प्रबंधन और मानक संचालन प्रक्रियाओं के अनुपालन का मूल्यांकन किया गया।

ऑडिट के दौरान BIS के पूर्व वैज्ञानिक ‘G’ एवं उप महानिदेशक विष्णु गुप्ता ने सेनानायक SDRF अर्पण यदुवंशी की उपस्थिति में विभिन्न शाखाओं और कार्यप्रणालियों का निरीक्षण किया। इसके बाद 8 अक्टूबर 2026 को SDRF उत्तराखंड को ISO 9001:2015 प्रमाणपत्र प्रदान किया गया।

आपदा बचाव में 24 घंटे तत्पर रहती हैं 40 से अधिक टीमें

आपदा की दृष्टि से संवेदनशील उत्तराखंड में भूकंप, भूस्खलन, अतिवृष्टि, बादल फटने, बाढ़, हिमस्खलन और सड़क दुर्घटनाओं जैसी घटनाओं के दौरान SDRF की 40 से अधिक टीमें प्रदेशभर में 24 घंटे राहत एवं बचाव कार्यों के लिए तत्पर रहती हैं।

चारधाम यात्रा के दुर्गम पैदल मार्गों, उच्च हिमालयी क्षेत्रों में फंसे ट्रेकर्स के रेस्क्यू, नदी-नालों में खोज एवं बचाव तथा सड़क दुर्घटनाओं के दौरान बल की टीमें अहम भूमिका निभाती हैं। इसके अलावा धार्मिक आयोजनों, ट्रेकिंग, पर्वतारोहण और रिवर राफ्टिंग के दौरान भी SDRF त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए तैयार रहती है।

कार्यप्रणाली और जवाबदेही होगी मजबूत

ISO 9001:2015 प्रमाणन से SDRF की कार्यप्रणाली में मानकीकरण, दस्तावेजों के व्यवस्थित रखरखाव, जिम्मेदारियों के स्पष्ट निर्धारण और निरंतर सुधार को बढ़ावा मिलेगा। इससे प्रशिक्षण, उपकरणों के रखरखाव, संसाधनों के बेहतर उपयोग और रेस्क्यू अभियानों की तैयारियों को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री धामी ने दी बधाई

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने SDRF को ISO 9001:2015 प्रमाणपत्र मिलने पर अधिकारियों और जवानों को बधाई दी। उन्होंने इसे प्रदेश के लिए गौरव की उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह बल की कार्यकुशलता, अनुशासन और आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में गुणवत्ता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने विश्वास जताया कि SDRF भविष्य में भी तत्परता और सेवाभाव के साथ कार्य करती रहेगी।

पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ और पुलिस महानिरीक्षक SDRF योगेंद्र सिंह रावत के मार्गदर्शन तथा सेनानायक अर्पण यदुवंशी के नेतृत्व में बल की कार्यप्रणाली, प्रशिक्षण, संसाधन प्रबंधन और बचाव प्रक्रियाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है।

ISO प्रमाणपत्र मिलने से उत्तराखंड SDRF की गुणवत्ता प्रबंधन व्यवस्था को नई पहचान मिली है। यह उपलब्धि प्रदेश की आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

सत्य संवाद 24×7