रुद्रपुर,सत्य संवाद 24×7 । शहरवासियों को जाम से राहत दिलाने की दिशा में अहम कदम उठाया गया है। अटरिया मोड़ से इंदिरा कॉलोनी तक दशकों से बंद पड़ी सड़क को मिनी बाईपास के रूप में विकसित करने का रास्ता साफ हो गया है। शासन ने 1.15 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण के लिए 16.90 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दे दी है। इसके साथ ही शहर के ड्रेनेज प्लान के लिए भी 8.82 करोड़ रुपये की पहली किश्त को मंजूरी मिली है।
मेयर विकास शर्मा ने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि अटरिया मोड़ से इंदिरा कॉलोनी तक मोटर मार्ग के निर्माण के लिए 16.90 करोड़ रुपये का आगणन तैयार किया गया था, जिसे शासन ने स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस संबंध में शासन के अपर सचिव महावीर सिंह चौहान ने लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता को पत्र भी जारी किया है।
मेयर के अनुसार, मिनी बाईपास बनने से काशीपुर बाईपास पर वाहनों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही शहरवासियों को आवागमन के लिए एक वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा। इससे इंदिरा कॉलोनी, सिंह कॉलोनी, इंदिरा बंगाली कॉलोनी और भूरारानी क्षेत्र के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
वहीं, शहर में जल निकासी की समस्या के समाधान की दिशा में भी कदम बढ़ाया गया है। शासन ने ड्रेनेज प्लान के लिए 8.82 करोड़ रुपये की पहली किश्त को मंजूरी दे दी है। इससे शहर की यातायात व्यवस्था और जल निकासी संबंधी समस्याओं के समाधान की उम्मीद बढ़ी है।
सत्य संवाद 24×7

