हल्द्वानी, सत्य संवाद 24×7।हल्द्वानी के एमबी इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित कुमाऊं द्वार महोत्सव में रविवार शाम लोक गायिका एवं भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर की सुरमयी प्रस्तुति ने दर्शकों का दिल जीत लिया। शरद पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में मैथिली ठाकुर ने पारंपरिक लोकगीतों और लोकप्रिय धुनों से माहौल को संगीतमय बना दिया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री धामी को अपना बड़ा भाई बताते हुए उनके विकास कार्यों की सराहना की।
‘सीएम धामी से सीखती हूं जनहित के कार्य’
मंच से संबोधित करते हुए मैथिली ठाकुर ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते वह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्य करने के तरीके और जनहित से जुड़ी योजनाओं से सीखती हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड के विकास कार्यों की चर्चा बिहार सहित देश के अन्य हिस्सों में भी सुनाई देती है।
‘बेड़ू पाको बारोमासा’ समेत कई गीतों पर झूमे दर्शक
मैथिली ठाकुर ने अपनी प्रस्तुति में उत्तराखंड की लोक संस्कृति और मिथिला की संगीत परंपरा की झलक पेश की। उन्होंने ‘सुआ रे सुआ बनखंडी सुआ’, ‘धामी रे धाकड़ धामी रे’ और उत्तराखंड के लोकप्रिय लोकगीत ‘बेड़ू पाको बारोमासा’ की प्रस्तुति दी।
मिथिला की परंपराओं का जिक्र करते हुए उन्होंने ‘राम जी से पूछे जनकपुर के नारी’ गीत भी सुनाया। वहीं, दर्शकों की मांग पर मुख्यमंत्री धामी को समर्पित ‘भैय्या हमार सीएम होइहे’ गीत ने कार्यक्रम में उत्साह बढ़ा दिया। गीतों के दौरान पंडाल तालियों और दर्शकों की आवाज से गूंजता रहा।
‘उत्तराखंड आकर लगता है मुझमें भगवती का वास है’
पारंपरिक पिछौड़ा ओढ़कर मंच पर पहुंचीं मैथिली ठाकुर ने उत्तराखंड के प्रति अपने जुड़ाव और अपनत्व को भी साझा किया। उन्होंने कहा कि देवभूमि में बेटियों को देवी भगवती के रूप में सम्मान दिया जाता है। उत्तराखंड आने पर उन्हें विशेष अपनापन महसूस होता है।
बच्चों की प्रस्तुतियों से हुआ कार्यक्रम का आगाज
महोत्सव की शुरुआत वैदेही दिगारी के नेतृत्व में बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई। इस दौरान विनोद कापड़ी निर्देशित फिल्म ‘पायर’ के ट्रेलर और गोविंद दिगारी व खुशी दिगारी के गीत ‘खटाई बना छू…’ का विमोचन भी किया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया। सम्मान पाने वालों में ऐपण गर्ल भावना भारती, रिकॉर्डिस्ट सागर शर्मा, संगीतकार संजय गोस्वामी और मशकबीन वादक सुरेश जोशी शामिल रहे।
कुमाऊं द्वार महोत्सव में संगीत, लोक संस्कृति और कलाकारों के सम्मान ने उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को मंच पर जीवंत कर दिया।
सत्य संवाद 24×7

