रेवाड़ी/पिथौरागढ़। सत्य संवाद 24×7। हरियाणा के रेवाड़ी जिले के धारूहेड़ा क्षेत्र के गांव कापड़ीवास में उत्तराखंड के पिथौरागढ़ की रहने वाली 21 वर्षीय नवविवाहिता निकिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव किराए के मकान में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
जानकारी के अनुसार, निकिता ने अंकित कुमार के साथ परिवार की सहमति के बिना प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों धारूहेड़ा में रह रहे थे। अंकित एक औद्योगिक इकाई में काम करता है।
बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह अंकित ड्यूटी पर गया था। शाम करीब सात बजे घर लौटने पर उसे निकिता का शव छत पर लगे पाइप से चुन्नी के सहारे लटका मिला। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर धारूहेड़ा सेक्टर-6 थाना प्रभारी सचिन कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अपराध जांच टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ।
पुलिस ने निकिता के पिथौरागढ़ स्थित मायके पक्ष को सूचना दे दी है। परिजनों के पहुंचने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों सहित संबंधित लोगों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
फिलहाल निकिता की मौत की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
सत्य संवाद 24×7 | सच के साथ, हर वक्त

