दिनेशपुर, ऊधमसिंह नगर। सत्य संवाद 24×7। उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के दिनेशपुर थाना क्षेत्र में महिला के कथित यौन शोषण, ब्लैकमेलिंग, जान से मारने की धमकी और जबरन धर्म परिवर्तन कराने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने 27 अक्टूबर 2026 को FIR संख्या 179/26 दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने फोन पर महिला से दोस्ती की और जन्मदिन मनाने के बहाने उसे होटल ले गया। पीड़िता का आरोप है कि वहां कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए गए और आपत्तिजनक वीडियो बना ली गई। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल किया गया।
महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी ने कथित वीडियो उसके पति को भी दिखा दी, जिसके बाद उसके पारिवारिक जीवन में विवाद हुआ और तलाक हो गया। पीड़िता ने यह भी दावा किया कि आरोपी उसे अजमेर शरीफ दरगाह ले गया, जहां जुलाई माह में उसका धर्म परिवर्तन कराया गया। शिकायत में मानसिक प्रताड़ना और प्रतिबंधित मांस खिलाने के आरोप भी लगाए गए हैं।
पुलिस ने इन धाराओं में दर्ज किया मुकदमा
दिनेशपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64 और 351(3) तथा उत्तराखंड धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम की धारा 3/5 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है।
नोट: मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। आरोपों की सत्यता का निर्धारण पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के आधार पर होगा।
सत्य संवाद 24×7 — सच के साथ, हर वक्त।

