ऑपरेशन प्रहार: चम्पावत में 992 ग्राम चरस के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार, पूर्व प्रधान भी शामिल होने का दावा; आर्टिका कार जब्त

चम्पावत, सत्य संवाद 24×7। उत्तराखंड में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत चम्पावत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। चल्थी चेकपोस्ट पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक आर्टिका कार से 992 ग्राम चरस बरामद की। मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार, चल्थी चौकी की संयुक्त टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कार संख्या UK06 BS 2063 को रोककर तलाशी ली गई। कार की डिग्गी से 992 ग्राम चरस मिलने पर उसमें सवार पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

Advertisement

एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज

पुलिस ने कोतवाली चम्पावत में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/20/29/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नारायण नाथ निवासी कचलाकोट, नैनीताल; जितेंद्र सिंह राणा और पान सिंह राणा निवासी बमनपुरी, सितारगंज; मोहन जोशी निवासी चल्थिया, चम्पावत, वर्तमान में नानकमत्ता क्षेत्र में निवासरत; तथा कालीचरण राणा निवासी धूसरी, नानकमत्ता के रूप में हुई है।

पुलिस टीम रही शामिल

कार्रवाई में उपनिरीक्षक कमलेश भट्ट, हेड कांस्टेबल मोहम्मद नासिर, तपेन्द्र जोशी और महेन्द्र डंगवाल सहित कांस्टेबल कुलदीप सिंह, ललित चौधरी, सूरज कुमार, कुलदीप कुमार, सुंदर सिंह और आनंद नेगी शामिल रहे।

पुलिस के अनुसार, ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत नशे की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। मामले में आगे की जांच जारी है।

सत्य संवाद 24×7 | सच के साथ, हर वक्त