चमोली, सत्य संवाद 24×7। उत्तराखंड के चमोली जिले में बद्रीनाथ धाम से श्रद्धालुओं को लेकर देहरादून लौट रहे एक हेलीकॉप्टर के लापता होने से हड़कंप मच गया है। जोशीमठ क्षेत्र के मारवाड़ी में चाय गांव की पहाड़ी के पास हेलीकॉप्टर से संपर्क टूट गया। हेलीकॉप्टर की लोकेशन नहीं मिलने के बाद उसकी तलाश तेज कर दी गई है। राहत एवं बचाव अभियान के तहत दो हेलीकॉप्टर भी तलाश के लिए भेजे गए हैं।
जानकारी के अनुसार, ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर VT-HCX शुक्रवार दोपहर 1:12 बजे बद्रीनाथ धाम से देहरादून के लिए रवाना हुआ था। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत कुल छह लोग सवार थे, जिनमें पांच यात्री शामिल थे।
बताया जा रहा है कि जोशीमठ के मारवाड़ी क्षेत्र में चाय गांव की पहाड़ी के पास हेलीकॉप्टर से संपर्क टूट गया। इसके बाद हेलीकॉप्टर की लोकेशन मिलनी बंद हो गई और उसके दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका जताई जाने लगी।
तलाश में जुटीं टीमें, दो हेलीकॉप्टर रवाना
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और संबंधित एजेंसियां सक्रिय हो गईं। हेलीकॉप्टर की तलाश के लिए सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया है। जानकारी के मुताबिक, तलाश अभियान में दो हेलीकॉप्टर भी भेजे गए हैं। प्रशासन की टीमें संभावित दुर्घटनास्थल के आसपास खोजबीन में जुटी हैं।
अपर जिलाधिकारी चमोली विवेक प्रकाश ने बताया कि हेलीकॉप्टर की तलाश के लिए टीमें मौके पर भेजी गई हैं।
पायलट समेत छह लोगों की स्थिति पर सस्पेंस
हेलीकॉप्टर में सवार पायलट और पांच यात्रियों की स्थिति को लेकर फिलहाल आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सभी छह लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। प्रशासन और बचाव दल हेलीकॉप्टर का पता लगाने में जुटे हैं।
सत्य संवाद 24×7 | सच के साथ, हर वक्त

