रुद्रपुर, सत्य संवाद 24×7।रुद्रपुर भाजपा में विधायक शिव अरोड़ा और नगर निगम मेयर विकास शर्मा के बीच आपसी मतभेदों की चर्चाएं एक बार फिर तेज हो गई हैं। पूर्व में हुए विवाद के बाद प्रदेश नेतृत्व की मौजूदगी में दोनों नेताओं के बीच सुलह-समझौता कराकर पार्टी में एकजुटता का संदेश देने का प्रयास किया गया था, लेकिन अब जिला भाजपा कार्यालय में हुई बैठक के दौरान दोनों नेताओं के बीच फिर तनातनी होने की चर्चाएं सामने आ रही हैं। बताया जा रहा है कि संगठन के पदाधिकारियों की मौजूदगी में ही कार्यक्रम की रूपरेखा को लेकर दोनों नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई।
दरअसल, आगामी 3 नवंबर से भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, भेड़तंत्र हटाओ यात्रा’ शुरू होने जा रही है। इसी कार्यक्रम की तैयारियों और रूपरेखा को लेकर जिला भाजपा कार्यालय रुद्रपुर में प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, दर्जा राज्यमंत्री रामपाल सिंह और सुरेश कोली की अगुवाई में बैठक आयोजित की गई थी।
बैठक के दौरान मेयर विकास शर्मा ने प्रस्ताव रखा कि यात्रा का शुभारंभ रुद्रपुर के गांधी पार्क से किया जाए और समापन भी गांधी पार्क में ही हो। वहीं, विधायक शिव अरोड़ा ने सुझाव दिया कि यात्रा की शुरुआत गांधी पार्क से हो, जबकि समापन गल्ला मंडी में किया जाए।
बताया जा रहा है कि गांधी पार्क में ही यात्रा के शुभारंभ और समापन का प्रस्ताव सामने आने पर विधायक शिव अरोड़ा ने नाराजगी जाहिर की। इसी मुद्दे पर दोनों नेताओं के बीच बातचीत कथित तौर पर गर्मागर्मी में बदल गई। हालांकि, बैठक में मौजूद संगठन के पदाधिकारियों ने मामले को संभालने का प्रयास किया।
पहले भी मंच पर दिख चुके हैं दोनों नेताओं के तीखे तेवर
विधायक शिव अरोड़ा और मेयर विकास शर्मा के बीच मतभेदों की चर्चाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। इससे पूर्व नगर निगम में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा की मौजूदगी में भी दोनों नेताओं के तेवर चर्चा का विषय बने थे। मंच से एक-दूसरे पर इशारों-इशारों में तीखे शब्दों से प्रहार किए जाने की चर्चाएं सामने आई थीं।
इसके बाद मामला सोशल मीडिया पर सुर्खियों में आने के चलते प्रदेश नेतृत्व की मौजूदगी में दोनों नेताओं के बीच सुलह कराई गई थी। माना जा रहा था कि इस पहल से पार्टी में एकजुटता का संदेश जाएगा और आपसी मतभेदों पर विराम लगेगा। लेकिन जिला कार्यालय की हालिया बैठक को लेकर सामने आई चर्चाओं ने एक बार फिर रुद्रपुर भाजपा की अंदरूनी राजनीति को सुर्खियों में ला दिया है।
नेताओं ने विवाद की खबरों को किया खारिज
पूरे मामले पर जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। वहीं विधायक शिव अरोड़ा ने बैठक में किसी भी तरह की बहस या नोकझोंक होने से इनकार करते हुए मामले को तूल न देने की बात कही।
दूसरी ओर मेयर विकास शर्मा ने भी विवाद की खबरों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि हम सभी एक परिवार की तरह हैं। विधायक उनके बड़े भाई हैं और कार्यक्रम की रूपरेखा को लेकर आपस में सलाह-मशविरा होता रहता है। कुछ लोग सामान्य चर्चा को बेवजह विवाद का रूप देना चाहते हैं।
फिलहाल, दोनों नेताओं ने विवाद की खबरों को भले ही खारिज कर दिया हो, लेकिन बैठक के बाद रुद्रपुर भाजपा में आपसी मतभेदों को लेकर चर्चाएं फिर तेज हो गई हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि प्रदेश नेतृत्व की पहल के बाद बनी सहमति कितनी मजबूत है और क्या संगठन के भीतर सभी मतभेद वास्तव में समाप्त हो चुके हैं?
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त

