देहरादून। सत्य संवाद 24×7।उत्तराखंड में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। शेयर बाजार में मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर साइबर ठगों ने चमोली जिले के 60 वर्षीय बुजुर्ग को 47.50 लाख रुपये का चूना लगा दिया। आरोपियों ने पहले व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर निवेश के टिप्स दिए और फिर आईपीओ, राइट इश्यू तथा शेयरों में निवेश के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा करा ली। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गोपेश्वर निवासी गिरीश चंद्र जोशी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 16 जुलाई को मीरा कपूर नाम की महिला ने उनसे व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क किया था। महिला ने शेयरों की खरीद-बिक्री के मुफ्त टिप्स देने का झांसा देकर उन्हें ‘के101 आफरिन दीया एक्सचेंज’ नाम के व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया।
ग्रुप में मुख्य सलाहकार मनीष अग्रवाल और एडमिन नम्रता व मीरा कपूर उन्हें लगातार निवेश संबंधी सुझाव देते रहे। यह सिलसिला आठ सितंबर तक चला। इसके बाद आरोपियों ने व्हाट्सएप ग्रुप बंद कर दिया और उन्हें एक अन्य सोशल मीडिया ऐप डाउनलोड करने के लिए कहा।
पीड़ित के मुताबिक, नौ सितंबर को एक वेबसाइट पर उनका सब-अकाउंट खुलवाया गया। इसके बाद नौ सितंबर से 15 अक्टूबर के बीच आईपीओ, राइट इश्यू और शेयरों में निवेश के नाम पर उनसे अलग-अलग बैंक खातों में कुल 47.50 लाख रुपये जमा करा लिए गए।
मुनाफे की रकम जमा करने की रखी शर्त
गिरीश चंद्र जोशी ने बताया कि 23 अक्टूबर को जब उन्होंने निवेश की रकम निकालने का प्रयास किया तो फाइनेंस मैनेजर इशिता सिंह समेत अन्य लोगों ने खाता बंद करने से पहले मुनाफे का हिस्सा जमा करने की शर्त रख दी। इस पर उन्होंने आरोपियों से कहा कि मुनाफे की रकम में से उक्त राशि काटकर शेष पैसा वापस कर दिया जाए, लेकिन आरोपियों ने रकम लौटाने से इनकार कर दिया।
इसके बाद पीड़ित को अपने साथ हुई साइबर ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने पुलिस से शिकायत की।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच शुरू
साइबर क्राइम थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र नबियाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपियों और लेनदेन से जुड़े बैंक खातों की जानकारी जुटा रही है।
सत्य संवाद 24×7/सच के साथ, हर वक्त

