बागेश्वर (बागेश्वर)। सत्य संवाद 24×7। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में 17 दिनों से लापता अधिवक्ता धीरेंद्र परिहार उर्फ कक्कू (35) की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने एक महिला और उसके भाई को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर मंगलवार शाम गोमती नदी के पास से अधिवक्ता का सड़ा-गला शव बरामद किया गया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल लोहे की रॉड और शव ठिकाने लगाने में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली है।
17 अक्टूबर को घर से निकले थे अधिवक्ता
पुलिस के अनुसार, मृतक की मां नंदी परिहार ने 31 अक्टूबर को कोतवाली में बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि धीरेंद्र 17 अक्टूबर की शाम बाजार जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
CCTV और मोबाइल सर्विलांस से मिला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देशन में पुलिस की कई टीमें गठित की गईं। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला गया। पुलिस के मुताबिक, धीरेंद्र की आखिरी बातचीत नुमाईशखेत निवासी लता भंडारी (42) से हुई थी।
शुरुआत में महिला पुलिस को गुमराह करती रही। हालांकि, 2 नवंबर को नुमाईशखेत चिल्ड्रन पार्क के पास से मृतक की जुपिटर स्कूटी बरामद होने और 19 अक्टूबर की रात महिला की कार की संदिग्ध आवाजाही सीसीटीवी में सामने आने के बाद पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ की। इसके बाद मामले का खुलासा हुआ।
विवाद के दौरान लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में लता भंडारी ने बताया कि 17 अक्टूबर की रात धीरेंद्र शराब के नशे में उसके घर पहुंचे थे। महिला ने आरोप लगाया कि इस दौरान धीरेंद्र जबरदस्ती करने लगे। विरोध के दौरान विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर उसने घर में रखी लोहे की रॉड से उनके सिर पर दो वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से धीरेंद्र मौके पर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई।
आरोप है कि घटना के बाद महिला ने शव को अपने घर में चारपाई के नीचे छिपा दिया।
भाई के साथ मिलकर कार से नदी में फेंका शव
पुलिस के मुताबिक, अगले दिन महिला ने कठायतबाड़ा निवासी अपने भाई त्रिभुवन सिंह बिष्ट उर्फ बबलू (39) को घटना की जानकारी दी। इसके बाद 19 अक्टूबर की रात दोनों ने मिलकर शव को मैग्नाइट कार संख्या UK02B 3843 की पिछली सीट पर रखा। फिर बागेश्वर-गिरेछीना मार्ग स्थित थुनाई बैंड पहुंचे और शव को नीचे नदी में फेंक दिया।
हत्या में इस्तेमाल रॉड और कार जब्त
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लोहे की रॉड और शव ठिकाने लगाने में प्रयुक्त मैग्नाइट कार को जब्त कर लिया है। मामले में दर्ज मुकदमे को BNS की धारा 103(1), 238 और 61(2) में तरमीम किया गया है। आगे की विवेचना प्रभारी निरीक्षक अनिल उपाध्याय को सौंपी गई है।
पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त

