नई दिल्ली (नई दिल्ली)। सत्य संवाद 24×7।राजधानी दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। मेट्रो स्टेशन के सामने स्थित तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में मलबे के नीचे दबकर दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 9:50 बजे फायर विभाग को चावड़ी बाजार में इमारत गिरने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया। बाद में एनडीआरएफ की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्य में जुट गई।
निर्माण कार्य के दौरान हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि तीन मंजिला इमारत में निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान गुरुवार सुबह अचानक पूरी इमारत ढह गई और उसका मलबा आसपास बिखर गया। हादसे के समय इमारत के अंदर लोगों की मौजूदगी की आशंका के चलते बचाव दल मलबे को सावधानीपूर्वक हटाकर फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं।
मलबे में फंसे लोगों की तलाश जारी
एसओ डीके राय के अनुसार, चावड़ी बाजार में एक तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत गिरी है। इमारत के अंदर लोगों के फंसे होने की आशंका है। पुलिस, दमकल विभाग और एनडीआरएफ की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।
फिलहाल बचाव अभियान जारी है। हादसे में दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि मलबे में दबे अन्य लोगों को निकालने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त

