देहरादून , सत्य संवाद24×7। उत्तराखंड पुलिस के लिए गौरव का क्षण सामने आया है। उत्कृष्ट सेवाओं, कर्तव्यनिष्ठा और कानून व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान के लिए नैनीताल पुलिस के दो वरिष्ठ अधिकारियों को सम्मानित किया गया है। पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात नैनीताल डॉ. जगदीश चन्द्र (IPS) को राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया, जबकि एसपी हल्द्वानी हरबन्स सिंह को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए गोल्ड मेडल प्रदान किया गया।
देहरादून में आयोजित समारोह में मिला सम्मान
शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन देहरादून में आयोजित उत्तराखंड पुलिस के राष्ट्रपति पुलिस निशान अलंकरण समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल हुए।
समारोह के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात नैनीताल डॉ. जगदीश चन्द्र (IPS) को राष्ट्रपति पुलिस पदक प्रदान कर सम्मानित किया। उनकी उत्कृष्ट सेवाओं और पेशेवर कार्यशैली को इस सम्मान के जरिए सराहा गया।
एसपी हरबन्स सिंह को सूझबूझ और संवाद कौशल के लिए गोल्ड मेडल
एसपी हल्द्वानी हरबन्स सिंह को प्रदेश में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान के लिए गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया। पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र निवेदिता कुकरेती ने उन्हें गोल्ड मेडल पहनाकर सम्मानित किया।
हरबन्स सिंह ने रुद्रप्रयाग के नगरासू गुरुद्वारे में उत्पन्न तनावपूर्ण स्थिति को बेहद धैर्य और सूझबूझ के साथ संभाला था। गुरुद्वारे में प्रवेश कर असंतोष जताने वाले सिख समुदाय के कुछ लोगों को उन्होंने प्रभावी संवाद के माध्यम से शांतिपूर्वक समझाया और हालात को नियंत्रित किया।
इसके अलावा, निहंगों के एक जत्थे द्वारा विरोध स्वरूप पांवटा साहिब जाने के प्रयास को भी उन्होंने बातचीत और समझदारी से शांतिपूर्ण तरीके से संभाला। उनकी तत्परता और संवाद कौशल के चलते किसी भी अप्रिय घटना को टालने में मदद मिली और क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रही।
नैनीताल पुलिस के लिए गौरव का पल
दोनों अधिकारियों को मिला सम्मान उनकी मेहनत, कर्तव्यनिष्ठा और पेशेवर दक्षता का प्रमाण है। उनकी उपलब्धि से उत्तराखंड पुलिस के साथ-साथ नैनीताल पुलिस का भी गौरव बढ़ा है।
प्रदेश में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में जिम्मेदारी निभाने वाले इन अधिकारियों की उपलब्धि पुलिस विभाग के लिए प्रेरणादायक है।
सत्य संवाद24×7

