रेखा आर्य का बड़ा कदम: पति से जुड़े गैर-सरकारी स्टाफ को हटाया, 10 सदस्यीय SIT करेगी पूरे मामले की जांच

देहरादून, सत्य संवाद 24×7। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच चल रहा विवाद लगातार सुर्खियों में है। पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के बाद अब मंत्री रेखा आर्य ने अपने गैर-सरकारी स्टाफ में बड़ा बदलाव किया है। जानकारी के मुताबिक, उन्होंने पति से जुड़े लोगों को अपने स्टाफ से बाहर कर दिया है। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए एसपी जया बलूनी के नेतृत्व में 10 सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) गठित किया है।

पति पर गंभीर आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच

रेखा आर्य ने कैंट थाने में दी गई शिकायत में पति पर मानसिक प्रताड़ना, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने, कथित फर्जी हस्ताक्षरों के जरिए कंपनी के निदेशक पद से हटाने और एक अन्य महिला के साथ मिलकर जान से मारने की साजिश रचने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत में उन्होंने पति की कथित पहली शादी और विवाहेत्तर संबंधों का भी जिक्र किया है।

Advertisement

अस्पताल में भर्ती मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि शादी से पहले उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि गिरधारी साहू पहले से शादीशुदा हैं। उन्होंने महिला के सम्मान और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उचित कदम उठाने की बात कही। साथ ही, उन्होंने पुलिस जांच से न्याय मिलने की उम्मीद जताई।

वायरल ऑडियो की होगी फॉरेंसिक जांच

मामले की जांच कर रही एसआईटी संबंधित दस्तावेजों, बयानों और अन्य साक्ष्यों को जुटा रही है। गिरधारी साहू से जुड़ा बताया जा रहा वायरल ऑडियो भी फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है, ताकि उसकी प्रामाणिकता का पता लगाया जा सके।

स्वास्थ्य में सुधार के बाद दर्ज होगा बयान

एसआईटी मंत्री रेखा आर्य का स्वास्थ्य ठीक होने के बाद उनका बयान दर्ज करेगी। पुलिस का ध्यान शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच और उनसे जुड़े साक्ष्य जुटाने पर है। जांच पूरी होने के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सत्य संवाद 24×7