किच्छा (ऊधमसिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7। किच्छा में सोमवार को दिनदहाड़े अपहरण और मारपीट की घटना से सनसनी फैल गई। एचडीएफसी बैंक के सामने बोलेरो सवार छह युवकों ने एक कार को घेरकर युवक को जबरन बाहर खींच लिया और उसके साथ मारपीट करने के बाद बोलेरो में डालकर ले गए। इसी दौरान एक आरोपी युवक की स्विफ्ट कार लेकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी शुरू की और अपहृत युवक को नगला के पास से सकुशल बरामद कर लिया। मामले में एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
लेनदेन के विवाद में वारदात को अंजाम देने का आरोप
पुलिस के अनुसार, बाजपुर के इटऊआ निवासी हरजिंदर सिंह पुत्र रतन सिंह का लालकुआं निवासी कुछ लोगों से लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार को हरजिंदर अपने साथी संदीप के साथ स्विफ्ट कार से किच्छा पहुंचे थे। इसी दौरान एचडीएफसी बैंक के पास बोलेरो सवार युवकों ने उनकी कार के आगे वाहन लगाकर रास्ता रोक लिया।
सड़क पर गिराकर की मारपीट, बोलेरो में डालकर ले गए
आरोप है कि बोलेरो से उतरे युवकों ने स्विफ्ट कार के दरवाजे खोलकर हरजिंदर और उसके साथी को बाहर खींचने का प्रयास किया। हरजिंदर ने बचने के लिए भागने की कोशिश की, लेकिन युवकों ने उसे पकड़कर सड़क पर गिरा दिया और मारपीट की। इस बीच उसका साथी संदीप मौके से निकल गया। इसके बाद आरोपी हरजिंदर को जबरन बोलेरो में डालकर ले गए। वहीं, एक युवक उसकी स्विफ्ट कार लेकर दूसरी दिशा में फरार हो गया।
पुलिस ने घेराबंदी कर युवक को सकुशल छुड़ाया
घटना की सूचना मिलते ही किच्छा पुलिस ने आरोपियों की तलाश में घेराबंदी और दबिश शुरू कर दी। पुलिस की कार्रवाई के दौरान आरोपी स्विफ्ट कार को आनंदपुर मोड़ के पास छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने हरजिंदर सिंह को नगला के पास से सकुशल बरामद कर लिया और एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
लालकुआं, बिंदुखत्ता और शांतिपुरी के युवकों की तलाश
प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार सैनी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे लेनदेन का विवाद सामने आया है। वारदात में लालकुआं, बिंदुखत्ता और शांतिपुरी क्षेत्र के युवकों की संलिप्तता बताई जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त

