गुरुद्वारा मुकुंदपुर डेरा में बाबा श्रीचन्द्र जी महाराज की स्मृति में वार्षिक समागम, शबद कीर्तन से संगत हुई निहाल

रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7। गुरुद्वारा मुकुंदपुर डेरा में श्री गुरु नानक देव जी के सुपुत्र बाबा श्रीचन्द्र जी महाराज की स्मृति में वार्षिक धार्मिक समागम श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ आयोजित किया गया। समागम में पहुंचे रागी जत्थों ने गुरुवाणी के शबद कीर्तन से संगत को निहाल किया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारा पहुंचकर माथा टेका और गुरु का आशीर्वाद प्राप्त किया।

राजकुमार ठुकराल ने भी टेका माथा

धार्मिक समागम में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल भी शामिल हुए। उन्होंने गुरुद्वारा मुकुंदपुर डेरा में माथा टेककर गुरु का आशीर्वाद लिया और संगत के साथ समय बिताया। इस अवसर पर बाबा जोगा सिंह ने उन्हें सरोपा भेंट कर सम्मानित किया।

Advertisement

शबद कीर्तन से दिया गुरु साहिबान की शिक्षाओं पर चलने का संदेश

समागम के दौरान रागी जत्थों ने गुरुवाणी के माध्यम से गुरु साहिबान की शिक्षाओं और उनके बताए मार्ग पर चलने का संदेश दिया। शबद कीर्तन से पूरा गुरुद्वारा परिसर भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक कीर्तन श्रवण किया।

धार्मिक आयोजन भाईचारे और सेवा की भावना को करते हैं मजबूत

इस अवसर पर राजकुमार ठुकराल ने कहा कि धार्मिक समागम हमारी समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजनों से समाज में धार्मिक आस्था, आपसी भाईचारे, सेवा और समर्पण की भावना मजबूत होती है।

उन्होंने कहा कि गुरु साहिबान की शिक्षाएं मानवता की सेवा करने, सभी धर्मों का सम्मान करने और समाज में प्रेम एवं सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा देती हैं। बाबा श्रीचन्द्र महाराज की स्मृति में आयोजित यह वार्षिक समागम श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक मार्ग से जुड़ने का अवसर प्रदान करता है।

ठुकराल ने आयोजन के लिए गुरुद्वारा प्रबंधन और सेवादारों के प्रयासों की सराहना की। समागम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता रही।

सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त