जनजातीय कारीगरों को मिलेगा राष्ट्रीय बाजार, ट्राइफेड मेले में 24 कारीगरों और समूहों का चयन

रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7। जनजातीय कारीगरों और स्वयं सहायता समूहों के पारंपरिक उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में ऊधम सिंह नगर में महत्वपूर्ण पहल की गई है। ट्राइफेड के क्षेत्रीय कार्यालय उत्तराखंड एवं उत्तर प्रदेश की ओर से आयोजित ‘जनजातीय मनोनयन मेले’ में चयन प्रक्रिया के बाद कुल 24 कारीगरों और स्वयं सहायता समूहों का ट्राइफेड में मनोनयन किया गया।

चार विकासखंडों से पहुंचे 100 तक प्रतिभागी

गुरुवार को आयोजित मेले का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने किया। इसमें खटीमा, सितारगंज, गदरपुर और बाजपुर विकासखंडों से लगभग 80 से 100 जनजातीय कारीगरों और स्वयं सहायता समूहों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपने पारंपरिक हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन किया।

मूंज घास के हस्तशिल्प बने आकर्षण

प्रदर्शनी में मूंज घास से तैयार हस्तशिल्प उत्पादों सहित प्राकृतिक और स्थानीय संसाधनों से बनाई गई विभिन्न कलाकृतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। इन उत्पादों के माध्यम से कारीगरों की पारंपरिक कला, कौशल और रचनात्मकता देखने को मिली।

कारीगरों को बाजार से जोड़ने पर जोर

आयोजन का उद्देश्य स्थानीय जनजातीय कारीगरों और स्वयं सहायता समूहों को सीधे बाजार से जोड़ना तथा उनके पारंपरिक उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाना है। ट्राइफेड में मनोनयन के माध्यम से चयनित कारीगरों को अपने उत्पादों के विपणन और आजीविका के अवसर बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

ये अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में सहायक परियोजना निदेशक रमा गोस्वामी, जिला थीमैटिक विशेषज्ञ सौरभ सक्सेना, आरएफसी सुमित कुमार, मुख्यमंत्री उद्यमशाला के प्रबंधक अनुपम अवस्थी, रीप सहायक प्रबंधक गोविन्द डसीला तथा ट्राइफेड क्षेत्रीय कार्यालय की उप प्रबंधक सरोज बाला, वरिष्ठ सहायक भगवान सिंह और जे.सी. जोशी मौजूद रहे।

सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त