बिंदुखत्ता में बनेगा 1000 लोगों की क्षमता वाला सांस्कृतिक हॉल, CM धामी ने की दो बड़ी घोषणाएं

बिंदुखत्ता (नैनीताल)। सत्य संवाद 24×7। लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बिंदुखत्ता क्षेत्र के लिए दो महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि महान लोकगायक स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा के पैतृक गांव में उनकी स्मृति में स्कूल, स्टेडियम सहित प्रस्तावित सभी कार्य कराए जाएंगे। साथ ही बिंदुखत्ता में कम से कम 1000 लोगों के बैठने की क्षमता वाला भव्य सांस्कृतिक हॉल बनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने तीन दिवसीय लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव में प्रतिभाग करते हुए दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने आयोजन के लिए जन जागृति सांस्कृतिक कला समिति, बिंदुखत्ता को बधाई भी दी।

प्रहलाद दा के गीतों में दिखती थी पहाड़ की असली तस्वीर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रहलाद सिंह मेहरा केवल लोकगायक नहीं, बल्कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और लोककला के सच्चे साधक थे। उनके गीतों में पहाड़ के कठिन जनजीवन, महिलाओं के संघर्ष और युवाओं की पीड़ा की झलक मिलती थी।

उन्होंने कहा कि ‘गर्भ भितेरा बेटी ना मार’ जैसे गीत के माध्यम से प्रहलाद दा ने बेटियों के सम्मान और उनके जीवन के अधिकार का संदेश दिया, जबकि ‘ऐजा मेरा दानपुरा’ गीत में अपनी जन्मभूमि और गांव से जुड़े रहने की भावना दिखाई देती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी कलाकार की सबसे बड़ी उपलब्धि यही है कि उसके जाने के बाद भी उसकी कला जीवित रहे। प्रहलाद दा ने यह उपलब्धि हासिल की है।

लोकभाषा और संस्कृति को सहेजने का मंच है महोत्सव

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘लोक’ का अर्थ जनता और ‘थात’ का अर्थ विरासत व धरोहर है। महोत्सव का उद्देश्य लोकभाषा, लोककला, लोकसंगीत और पारंपरिक रीति-रिवाजों को संरक्षित कर अगली पीढ़ी तक पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान केवल प्राकृतिक सुंदरता से नहीं, बल्कि यहां की संस्कृति, लोकभाषाओं और परंपराओं से भी है। आधुनिकता के दौर में नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़े रखने के लिए ऐसे आयोजन जरूरी हैं।

लालकुआं क्षेत्र के विकास कार्यों का भी किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि नकायल में सात करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पुल का निर्माण पूरा किया गया है। शेरनाला पर करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से पुल बनकर तैयार है, जबकि विजयपुर गौला पार में लगभग चार करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण शुरू हो चुका है।

उन्होंने बताया कि सूर्यानाला और लालकुआं नगर की रेलवे क्रॉसिंग पर पुल निर्माण के लिए भी कार्रवाई की जा रही है। बिंदुखत्ता में करीब 15 साल से विद्युतीकरण पर लगी रोक हटने के बाद लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से बिजली लाइन, पोल और ट्रांसफार्मर लगाने का काम चल रहा है। लालकुआं क्षेत्र की बिजली व्यवस्था मजबूत करने के लिए करीब 14 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने हल्दूचौड़ के राजकीय महाविद्यालय को पीजी कॉलेज बनाए जाने, गौला और नंधौर नदी के कटाव से बचाव के लिए बाढ़ सुरक्षा योजनाओं तथा जंगल से लगे क्षेत्रों में सौर ऊर्जा चालित तारबाड़ लगाने के कार्यों का भी उल्लेख किया।

बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने पर भी चर्चा

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने का विषय क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग है। सरकार इस दिशा में प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई कर रही है और भारत सरकार से भी लगातार संवाद किया जा रहा है।

इस दौरान वनाधिकार समिति बिंदुखत्ता के प्रतिनिधियों के साथ भी इस विषय पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने मामले में ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिया।

कई लोक कलाकारों को किया सम्मानित

महोत्सव के दौरान लोक कलाकार नैन सिंह रावल, हास्य कलाकार मंगल सिंह चौहान और जीवन सिंह दानू को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने कलाकारों और आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, भाजयुमो प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, शंकर कौरंगा, शोएब अहमद, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष रविंद्र रेकुनी, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, आईजी निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय, लोक कलाकार कमल मेहरा सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त