हल्द्वानी (नैनीताल)। सत्य संवाद 24×7। श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व मंगलवार को रामलीला ग्राउंड स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में बड़ी श्रद्धा, भव्यता और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विशेष कीर्तन दीवान सजाए गए, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर गुरु साहिब के चरणों में शीश नवाया और आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरा गुरुद्वारा परिसर भक्ति और गुरु वाणी के जयकारों से गूंज उठा।
कथा-कीर्तन से संगत हुई निहाल
प्रकाश पर्व के अवसर पर पंथ के प्रसिद्ध ज्ञानी, रागी और प्रचारकों ने कथा-कीर्तन के माध्यम से संगत को गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं से अवगत कराया। कथावाचक भाई लखविंदर सिंह (कैथल वाले) ने गुरु साहिब के जीवन और उपदेशों पर विचार रखे। वहीं बीबी प्रभलीन कौर (दिल्ली) और भाई गुरप्रीत सिंह (मुक्तसर, पंजाब) ने मधुर कीर्तन से संगत को भाव-विभोर कर दिया।
इसके बाद हेड ग्रंथी भाई जगमीत सिंह ने जगत कल्याण के लिए अरदास की। दोपहर 12 बजे से विशाल लंगर का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। रात्रि में भी विशेष दीवान सजाए गए।
प्रेम, सेवा और समानता का संदेश दिया
गुरुद्वारे के मुख्य सेवादार अमरजीत सिंह आनंद (बंटी), महासचिव कंवलजीत सिंह (शेरू) और प्रवक्ता हरजीत सिंह चड्ढा ने बताया कि श्री गुरु नानक देव जी सिख धर्म के प्रथम गुरु और संस्थापक थे। उनका संदेश मानवता, प्रेम, सेवा, एकता और समानता पर आधारित है।
उन्होंने गुरु साहिब की प्रमुख शिक्षाओं ‘नाम जपो, किरत करो, वंड छको’ का अर्थ समझाते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को ईश्वर का स्मरण करना, मेहनत से जीवनयापन करना और अपनी कमाई जरूरतमंदों के साथ बांटना चाहिए। गुरु नानक देव जी ने जाति-पाति और धार्मिक भेदभाव का विरोध करते हुए समाज में भाईचारे को बढ़ावा दिया।
गणमान्य लोगों ने गुरुद्वारे में टेका माथा
प्रकाश पर्व के अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, कांग्रेस नेता ललित जोशी, शहरी विकास प्रोजेक्ट मैनेजर गुरप्रीत सिंह देओल, हल्द्वानी विधायक के प्रतिनिधि लक्ष्य शर्मा, एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी, आरटीओ (प्रशासन) डॉ. गुरदेव सिंह, एसपी सिटी हरबंस सिंह, दर्जा राज्य मंत्री शंकर कोरंगा, राज्य आंदोलनकारी निर्माण परिषद के अध्यक्ष हुकम सिंह कुंवर, प्रदीप बिष्ट, कृष्णा हॉस्पिटल के डॉ. हरभजन सिंह सहित अनेक गणमान्य लोगों ने पहुंचकर मत्था टेका।
इस दौरान मुख्य सेवादार अमरजीत सिंह बंटी, महासचिव कंवलजीत सिंह शेरू, परमजीत सिंह शंटी, परमिंदर प्रिंस, बलजीत सिंह चंडोक, जसपाल सिंह, हरविंदर सिंह चड्ढा, बबलू कुकरेजा, सनी आनंद, मनलीन कोहली, सतपाल सिंह सेठी, तेजेंद्र सिंह नाटी, जसबीर सिंह गोल्डी, बन्नी चंडोक, सुरेंद्र कौर, बलजीत कौर, बीरी आंटी, अमरजीत सिंह चड्ढा और मुकेश ढींगरा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
विभिन्न संस्थाओं ने निभाई सेवा
आयोजन में निडर खालसा ग्रुप, रामपुर रोड सिख सेवक जत्था, निर्भय खालसा, हल्द्वानी सिख फेडरेशन, हल्द्वानी सिख यूथ, अकाल पूरक की फौज, सुखमणि सोसाइटी और सिख मिशनरी कॉलेज ने सहयोग दिया। सिख मिशनरी कॉलेज की ओर से शिक्षा का लंगर भी लगाया गया। शहर के विभिन्न गुरुद्वारों की साध-संगत ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
अंत में प्रबंधक कमेटी ने सभी श्रद्धालुओं, सेवादारों और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। पूरे आयोजन में सेवा, समर्पण और भाईचारे की भावना देखने को मिली।
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त
