हल्द्वानी (नैनीताल)। सत्य संवाद 24×7। एमबी इंटर कॉलेज मैदान में मंगलवार को दस दिवसीय सरस आजीविका मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। महिला उद्यमिता, ग्रामीण हुनर और देशभर की लोक संस्कृति को एक मंच पर लाने वाले इस मेले का उद्घाटन सांसद दिनेश आर्य और कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। मेला 3 दिसंबर तक चलेगा।
महिला समूहों को मिलेगा आत्मनिर्भरता का मंच
विधायक बंशीधर भगत ने कहा कि सरस आजीविका मेला महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को अपने उत्पादों की पहचान बनाने, विपणन के नए अवसर तलाशने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का मौका मिलेगा।
उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों से आए स्वयं सहायता समूहों को अपनी कला, संस्कृति, उत्पाद और कार्यशैली साझा करने का अवसर मिलेगा।
बायर-सेलर मीट से उत्पादों को मिलेगा बाजार
विधायक ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘लोकल फॉर वोकल’ मंत्र को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से मेले में बायर-सेलर मीट भी आयोजित की जा रही है। इससे ग्रामीण उद्यमियों और महिला समूहों के उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
खरीदारी के साथ दिखेगी लोक संस्कृति की झलक
दस दिनों तक चलने वाले इस मेले में विभिन्न राज्यों के पारंपरिक उत्पाद, हस्तशिल्प, खानपान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। नामचीन कलाकारों की प्रस्तुतियां भी मेले की रौनक बढ़ाएंगी। यहां लोगों को खरीदारी के साथ देश के अलग-अलग क्षेत्रों की संस्कृति और परंपराओं को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।
सरस आजीविका मेला ग्रामीण महिलाओं के हुनर को पहचान दिलाने, उनके उत्पादों को बाजार से जोड़ने और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने का मंच बनकर सामने आया है।
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त
