लालकुआं (नैनीताल)। सत्य संवाद 24×7। नैनीताल जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसओजी और लालकुआं पुलिस की संयुक्त टीम ने एक युवक को 330 नशीले इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल भी सीज कर दी है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
चेकिंग के दौरान पकड़ा गया आरोपी
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिले में ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन’ के तहत नशे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसपी हल्द्वानी हरबंश सिंह के दिशा-निर्देशन और सीओ लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक लालकुआं बृजमोहन सिंह राणा तथा एसओजी प्रभारी मोहन सोन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 23 नवंबर 2026 को चेकिंग अभियान चलाया।
इस दौरान मोटरसाइकिल संख्या UK-04-AR-8254 पर सवार गुलफाम हुसैन उर्फ गंगू को रोककर तलाशी ली गई। पुलिस के अनुसार, उसके कब्जे से 330 नशीले इंजेक्शन बरामद हुए। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और मोटरसाइकिल सीज कर दी गई।
बरेली से खरीदकर लाने की बात बताई
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह ये इंजेक्शन बरेली के बहेड़ी निवासी आरिफ से खरीदकर लाया था। इस मामले में कोतवाली लालकुआं में आरोपी के खिलाफ धारा 8/22/60/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस उसके पूर्व आपराधिक इतिहास की जानकारी भी जुटा रही है।
गिरफ्तार आरोपी और बरामदगी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुलफाम हुसैन उर्फ गंगू (34 वर्ष) पुत्र इरशाद हुसैन, निवासी गली नंबर 3, लाइन नंबर एक, आजाद नगर, थाना बनभूलपुरा, हल्द्वानी के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 330 नशीले इंजेक्शन और मोटरसाइकिल संख्या UK-04-AR-8254 बरामद की है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक वंदना चौहान, कांस्टेबल गणेश गिरी, चालक कांस्टेबल खीम सिंह तथा एसओजी के कांस्टेबल भूपेन्द्र जेष्ठा और भानू प्रताप शामिल रहे।
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त
