हल्द्वानी हनीट्रैप मामला: ज्योति सिंह की गिरफ्तारी पर लगी रोक हटी, हाईकोर्ट ने याचिका की खारिज

हल्द्वानी (नैनीताल)। सत्य संवाद 24×7। हल्द्वानी के चर्चित हनीट्रैप, ब्लैकमेलिंग और कथित अवैध वसूली मामले में आरोपी ज्योति सिंह को उत्तराखंड हाईकोर्ट से राहत नहीं मिली है। न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित की एकलपीठ ने उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे को निरस्त करने और गिरफ्तारी पर रोक लगाने की मांग वाली याचिका खारिज कर दी। इसके साथ ही अदालत ने पहले दी गई अंतरिम गिरफ्तारी रोक भी समाप्त कर दी है। अब पुलिस कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई कर सकती है।

बुजुर्ग कारोबारी ने लगाए थे ब्लैकमेलिंग के आरोप

मामले के अनुसार, हल्द्वानी के एक बुजुर्ग कारोबारी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया था कि उन्हें कथित तौर पर हनीट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल किया जा रहा है। शिकायत में करोड़ों रुपये की मांग करने, फोटो और वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देने तथा जान-माल को खतरा पहुंचाने के आरोप लगाए गए थे।

कारोबारी ने यह भी आरोप लगाया था कि उनकी संपत्ति पर कब्जा कर लिया गया है। उन्होंने नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की थी।

ज्योति सिंह ने हाईकोर्ट में दी थी चुनौती

दूसरी ओर, ज्योति सिंह ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर खुद को मामले में गलत तरीके से फंसाए जाने का दावा किया था। उन्होंने अपने खिलाफ दर्ज मुकदमे को निरस्त करने और गिरफ्तारी पर रोक लगाने की मांग की थी।

सुनवाई के दौरान अदालत ने उनकी याचिका खारिज कर दी। इससे पहले ज्योति सिंह को अंतरिम राहत देते हुए गिरफ्तारी पर रोक लगाई गई थी, जिसे अब हटा दिया गया है।

अब पुलिस की अगली कार्रवाई पर नजर

हाईकोर्ट के फैसले के बाद ज्योति सिंह को मिली अंतरिम गिरफ्तारी राहत समाप्त हो गई है। ऐसे में अब पुलिस मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई कर सकती है। इस फैसले के बाद हल्द्वानी के चर्चित प्रकरण में पुलिस के अगले कदम को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

न्यूज़ रिपोर्टर: शरद पांडेय

सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त