रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7। रुद्रपुर के रेशमबाड़ी में हुए चाकूबाजी और लीलाधर की हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने अब तक चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपी शिवम चन्द्रा पुलिस मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में पकड़ा गया, जिसका उपचार चल रहा है। वहीं, मामले में नामजद दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
मोटरसाइकिल की चाबी निकालने को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, 26 नवंबर 2026 की शाम रेशमबाड़ी निवासी जोहरी लाल का नाती अनुज मोटरसाइकिल से बाजार जा रहा था। आरोप है कि रेशमबाड़ी मुख्य मार्ग पर विनोद कश्यप ने उसकी बाइक की चाबी निकाल ली और उसके साथ मारपीट की।
आरोप है कि इसी विवाद के बाद रात में विनोद कश्यप अपने साथियों सुभाष राठौर, प्रिन्स ठाकुर उर्फ पंछी, शिवम चन्द्रा, प्रियांशु कश्यप और अरुण ठाकुर के साथ रेशमबाड़ी स्थित राम अवतार के घर पहुंचा। वहां परिवार के लोगों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। विरोध और बीच-बचाव के दौरान चाकू से हमला किए जाने का आरोप है, जिसमें लीलाधर, राहुल समेत परिवार के अन्य लोग घायल हो गए।
घायलों को जिला चिकित्सालय रुद्रपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने लीलाधर को मृत घोषित कर दिया।
छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
जोहरी लाल की तहरीर पर कोतवाली रुद्रपुर में मुकदमा संख्या 618/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 191(3), 118(1) और 352 में छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना और गवाहों के बयानों के आधार पर मामले में धारा 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई।
घटना की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फील्ड यूनिट की सहायता से साक्ष्य जुटाए। इसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू की गई।
बागवाड़ा मंडी के पास से सुभाष और विनोद गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, 27 नवंबर 2026 को मिली सूचना के आधार पर बागवाड़ा मंडी गेट के सामने किच्छा रोड पर पैदल जा रहे दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनकी पहचान इस प्रकार हुई—
- सुभाष पुत्र रघुवीर सिंह (18 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 12, रेशमबाड़ी, रुद्रपुर।
- विनोद कश्यप पुत्र राजेंद्र कश्यप (19 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 13, दूधियानगर, रुद्रपुर।
पुलिस मुठभेड़ के बाद शिवम चन्द्रा गिरफ्तार
28 नवंबर की सुबह सूचना मिलने पर पुलिस टीम भगवानपुर क्षेत्र में सरदारों के झाले की ओर जाने वाले मार्ग पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक, वहां एक संदिग्ध व्यक्ति खेतों की ओर भागा और पेड़ की आड़ से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मसमर्पण की चेतावनी के बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें संदिग्ध के दाहिने पैर में घुटने के नीचे चोट आई।
घायल की पहचान शिवम चन्द्रा उर्फ बर्गर पुत्र पप्पू (25 वर्ष), निवासी रेशमबाड़ी, रुद्रपुर के रूप में हुई। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया है।
शिवम को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रपुर ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर कर दिया। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मियों को भी हल्की चोटें आईं, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में कोतवाली रुद्रपुर में मुकदमा संख्या 619/2026 के तहत धारा 109 बीएनएस तथा आयुध अधिनियम की धारा 3/25/27 में अलग मुकदमा दर्ज किया गया है।
मेडिसिटी अस्पताल के पास से अरुण ठाकुर गिरफ्तार
पुलिस ने 28 नवंबर को ही मुखबिर की सूचना पर मेडिसिटी अस्पताल के पास, किच्छा रोड स्थित तीन पानी तिराहे से एक अन्य नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया। उसकी पहचान अरुण कुमार ठाकुर पुत्र राजकुमार उर्फ लालाराम (20 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 12, रेशमबाड़ी, रुद्रपुर के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को नियमानुसार दे दी गई है।
दो नामजद आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, मामले में अब तक गिरफ्तार चार आरोपियों में सुभाष, विनोद कश्यप, शिवम चन्द्रा उर्फ बर्गर और अरुण कुमार ठाकुर शामिल हैं। वहीं, प्रिन्स ठाकुर उर्फ पंछी और प्रियांशु कश्यप की तलाश की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें प्रयासरत हैं।
इन पुलिसकर्मियों ने की कार्रवाई
सुभाष और विनोद की गिरफ्तारी की कार्रवाई वरिष्ठ उपनिरीक्षक महेश काण्डपाल और हेड कांस्टेबल विनोद मेहता ने की। वहीं, शिवम चन्द्रा की गिरफ्तारी की कार्रवाई वरिष्ठ उपनिरीक्षक खुशवंत सिंह, उपनिरीक्षक संदीप शर्मा, उपनिरीक्षक इन्दर सिंह ढैला और पुलिस टीम ने की।
फिलहाल मामले की विवेचना और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
न्यूज़ रिपोर्टर: शरद पांडेय
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त
