संजय वन को मिलेगा नया आकर्षक प्रवेश द्वार, सांसद अजय भट्ट ने ₹74 लाख की परियोजना का किया शिलान्यास

रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7। रुद्रपुर के टांडा वन क्षेत्र स्थित संजय वन चेतना केंद्र को पर्यटन की दृष्टि से और आकर्षक बनाने की दिशा में पहल शुरू हो गई है। शनिवार, 28 नवंबर 2026 को सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट ने संजय वन के प्रवेश द्वार का भूमिपूजन कर शिलान्यास किया। करीब 74 लाख रुपये की लागत से यहां भव्य प्रवेश द्वार के साथ गार्ड रूम, टिकट रूम और अत्याधुनिक शौचालय का निर्माण कराया जाएगा।

पर्वतीय शैली में तैयार होगा प्रवेश द्वार

शिलान्यास के दौरान सांसद अजय भट्ट ने कहा कि संजय वन उनका ड्रीम प्रोजेक्ट है और इसे पर्यटन के लिहाज से विकसित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित प्रवेश द्वार को पर्वतीय शैली में डिजाइन किया गया है, जो पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।

पर्यटकों की सुविधा के लिए चलेगी बैटरी चालित कार

अजय भट्ट ने कहा कि संजय वन में पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। आने वाले समय में यहां बैटरी चालित कार की सुविधा शुरू करने की योजना है। इससे बुजुर्गों और अन्य पर्यटकों को वन क्षेत्र में आने-जाने में सहूलियत मिलेगी।

सुरक्षा और जंगल सफारी की भी तैयारी

सांसद ने बताया कि संजय वन में सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए भविष्य में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके लिए एक छोटी पुलिस चौकी की व्यवस्था भी प्रस्तावित है। इसके अलावा आने वाले समय में जंगल सफारी संचालन की योजना पर भी काम किया जाएगा।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक शिव अरोरा, महापौर विकास शर्मा, दर्जा मंत्री सुरेश कोली, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, वन संरक्षक नीतीश मणि त्रिपाठी, डीएसओ यूसी तिवारी और वन क्षेत्राधिकारी रूप नारायण गौतम सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

न्यूज़ रिपोर्टर: शरद पांडेय

सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त