जनसुनवाई में दीपक रावत सख्त, अनुपस्थित सफाई कर्मियों पर होगी कार्रवाई; निजी अमीनों को भी दी चेतावनी

हल्द्वानी (नैनीताल)। सत्य संवाद 24×7। मुख्यमंत्री के आयुक्त एवं सचिव दीपक रावत ने शनिवार को जनसुनवाई के दौरान लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान नगर निगम की सफाई व्यवस्था, भूमि विवाद, खेती की जमीन पर जबरन कब्जा, मुआवजा, बीमा राशि में धोखाधड़ी, ग्राम बजून में सड़क निर्माण और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित लाभ सहित कई शिकायतें सामने आईं। आयुक्त ने अधिकांश मामलों में मौके पर ही समाधान कराया, जबकि कुछ शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए।

अनुपस्थित सफाई कर्मियों की होगी जांच

जनसुनवाई में कुछ वार्डों के लोगों ने सफाई व्यवस्था ठीक कराने की मांग उठाई। इस पर आयुक्त ने नगर आयुक्त को निर्देश दिए कि सभी वार्डों में तैनात सफाई कर्मियों की नियमित उपस्थिति का आकलन कराया जाए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि निरीक्षण के दौरान जो भी सफाई कर्मचारी अपने निर्धारित वार्ड से अनुपस्थित पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार तत्काल कार्रवाई की जाए। इसके लिए नियमित चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

निजी अमीनों द्वारा भूमि पैमाइश पर जताई नाराजगी

निजी अमीनों द्वारा मौके पर जाकर भूमि की पैमाइश किए जाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त दीपक रावत ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। राधिका देवी ने शिकायत की थी कि एक निजी अमीन ने उनकी पैतृक संपत्ति का बंटवारा सही तरीके से नहीं किया।

शिकायत पर नाराजगी जताते हुए आयुक्त ने आम लोगों से अपील की कि वे अपनी भूमि की पैमाइश केवल सरकारी अमीन से ही कराएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई निजी अमीन किसी भूमि का मौके पर सीमांकन करता पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रेमा देवी को चार लाख रुपये लौटाने के निर्देश

दमुवांढूंगा निवासी प्रेमा देवी ने शिकायत की कि उन्होंने क्षेत्र में एक कमरा चार लाख रुपये में खरीदा था, लेकिन भवन स्वामी ने न तो उन्हें कमरा दिया और न ही उनकी धनराशि वापस की।

आयुक्त ने विक्रेता को कार्यालय में तलब कर दोनों पक्षों की बात सुनी। इसके बाद समझौते के तहत विक्रेता को चार लाख रुपये वापस करने के निर्देश दिए। विक्रेता ने तय समयसीमा के भीतर धनराशि लौटाने की बात कही।

अन्य शिकायतों पर भी हुई सुनवाई

जनसुनवाई में मुनस्यारी के लोगों ने वन पंचायत गठन का मुद्दा उठाया। वहीं, गोदावरी देवी ने धनराशि वापस दिलाने, सेवानिवृत्त कर्मचारी मदन सिंह बिष्ट ने सेवायोजकों का भुगतान कराने और सरस्वती कबड़वाल ने भूमि बंटवारे के दौरान तारबाड़ लगाने से रोके जाने के संबंध में शिकायत दर्ज कराई।

आयुक्त ने कैंप कार्यालय में क्रमवार सभी शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और संबंधित मामलों में मौके पर समाधान कराया। साथ ही आवश्यक मामलों में अधिकारियों को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

न्यूज़ रिपोर्टर: शरद पांडेय

सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त