हल्द्वानी,सत्य संवाद 24×7।नैनीताल और पहाड़ी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन चालकों व पर्यटकों के लिए जरूरी खबर है। भीमताल-चाफी-धानाचूली मोटर मार्ग पर डामरीकरण कार्य के चलते यातायात डायवर्जन की अवधि बढ़ाकर 2 नवंबर 2026 तक कर दी गई है। इस दौरान प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक संबंधित मार्ग पर यातायात बंद रहेगा।

प्रभारी जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल ने बताया कि लोक निर्माण विभाग के अनुरोध पर जिला प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। सड़क पर डामरीकरण का कार्य पूरा नहीं होने के कारण डायवर्जन की अवधि बढ़ाई गई है।
उन्होंने बताया कि पर्यटन सीजन में वाहनों की बढ़ती आवाजाही, त्योहारों के दौरान यातायात का दबाव और भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध के चलते निर्माण सामग्री की आपूर्ति प्रभावित हुई। इस कारण सड़क का काम निर्धारित समय पर पूरा नहीं हो सका।
इस वैकल्पिक मार्ग से करें सफर
प्रशासन के अनुसार, यातायात बंद रहने की अवधि में वाहन चालक खुटानी-भवाली-रामगढ़-भटेलिया-धानाचूली मोटर मार्ग (राज्य मार्ग संख्या-64) से आवाजाही कर सकेंगे।
प्रशासन ने वाहन चालकों और पर्यटकों से अपील की है कि पहाड़ की यात्रा पर निकलने से पहले रूट की जानकारी अवश्य लें। सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे के बीच यात्रा करने वाले लोग वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करें, ताकि उन्हें रास्ते में परेशानी का सामना न करना पड़े।
सत्य संवाद 24×7

