ऊधमसिंह नगर जिला पंचायत की बैठक में विकास और स्वच्छता पर बड़े फैसले, कूड़ा निस्तारण के लिए बनेंगे दो ट्रंचिंग ग्राउंड

रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7। जिला पंचायत ऊधमसिंह नगर की सामान्य बोर्ड बैठक शुक्रवार को जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभागार में आयोजित हुई। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों के विकास, स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने, राजस्व बढ़ाने और जनसमस्याओं के समाधान से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा हुई। इससे पहले अध्यक्ष अजय मौर्य ने आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हाईटेक सभागार का विधिवत शुभारंभ किया।

दो गांवों में बनेंगे कूड़ा निस्तारण केंद्र

स्वच्छ भारत मिशन और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के तहत सितारगंज के ग्राम तिर्कातिसौर और काशीपुर के ग्राम ढकियाकला में जिला पंचायत की कृषि भूमि पर गीले कूड़े के निस्तारण के लिए ट्रंचिंग ग्राउंड बनाने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। इन केंद्रों के लिए दो ट्रोमल मशीनें खरीदने का प्रस्ताव रखा गया।

Advertisement

इसके अलावा सभी विकासखंडों के कॉम्पैक्टर स्थलों पर कूड़ा तौलने के लिए सात वजन मशीनें लगाने तथा टिन शेड, पक्का फर्श और चारदीवारी बनाने पर भी विचार किया गया। ग्राम पंचायतों में व्यापारियों और प्रतिष्ठानों से कूड़ा निस्तारण के लिए अलग से यूजर चार्ज वसूलने संबंधी उपविधियों पर भी चर्चा हुई।

आवारा कुत्तों और निराश्रित गोवंश के लिए खरीदे जाएंगे वाहन

ग्रामीण क्षेत्रों में आवारा कुत्तों और निराश्रित गोवंश की समस्या से निपटने के लिए डॉग कैचर वाहन और एनिमल लिफ्टिंग वाहन खरीदने के प्रस्ताव पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में सुप्रीम कोर्ट के आदेशों और उत्तराखंड शासन के निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया गया।

जिला पंचायत की आय बढ़ाने के लिए बनेंगी दुकानें और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स

जिला पंचायत के राजस्व स्रोत बढ़ाने के उद्देश्य से नानकमत्ता स्थित खोड भूमि पर नई दुकानों का निर्माण कराने का प्रस्ताव रखा गया। वहीं, किच्छा में पुराने अस्पताल की भूमि पर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और पार्किंग विकसित करने को लेकर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही सीएम हेल्पलाइन-1905 पर ग्रामीण निर्माण कार्यों से संबंधित प्राप्त मांगों तथा 15वें और 16वें वित्त आयोग की विकास योजनाओं पर विचार किया गया।

राशन कार्ड, स्कूलों और बिजली की समस्याएं भी उठीं

बैठक के दूसरे सत्र में जिला पंचायत अध्यक्ष ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ जनपद में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान सदस्यों ने अपात्र राशन कार्ड धारकों के नाम हटाने और पात्र लोगों के राशन कार्ड बनाने का मुद्दा उठाया। मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने ग्राम पंचायतों की खुली बैठकों में पात्र लाभार्थियों का चयन करने और पूर्ति विभाग के अधिकारियों को भी इन बैठकों में उपस्थित रहने के निर्देश दिए।

शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान विद्यालयों की मरम्मत, चारदीवारी और सुरक्षा दीवारों के निर्माण की मांग उठाई गई। सीडीओ ने बताया कि जिला योजना, आपदा और सीएसआर मद से करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से जिले में मॉडल स्कूल विकसित किए जा रहे हैं।

विद्युत विभाग से संबंधित चर्चा में झूलते तारों और क्षतिग्रस्त बिजली के पोल बदलने का मुद्दा प्रमुखता से उठा। सदस्यों ने यह भी मांग की कि लंबे समय से लंबित बिजली बिलों की वसूली और कनेक्शन काटने से पहले उपभोक्ताओं को नोटिस देकर सूचित किया जाए। सीडीओ ने जनप्रतिनिधियों से बिजली के पोल लगाने के प्रस्ताव उपलब्ध कराने और अधिशासी अभियंता को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

पेयजल लाइनों की लीकेज और सड़कों को गड्ढामुक्त करने की मांग

जल संस्थान और जल निगम की समीक्षा में पेयजल लाइनों की लीकेज रोकने तथा खराब हैंडपंपों की मरम्मत कराने की मांग रखी गई। सीडीओ ने सदस्यों से लीकेज वाली पेयजल लाइनों की सूची उपलब्ध कराने को कहा, ताकि संबंधित विभाग त्वरित कार्रवाई कर सकें।

लोक निर्माण विभाग की समीक्षा में पैहनिया से कुमराहा, दियूरी और कुठरा तथा बलखेड़ा-खमरिया सहित विभिन्न सड़क मार्गों को गड्ढामुक्त करने का मुद्दा उठाया गया। इसके अलावा कृषि, सिंचाई, स्वास्थ्य और वन विभाग के कार्यों की भी समीक्षा की गई।

सभी 35 जिला पंचायत सदस्यों की रही शत-प्रतिशत उपस्थिति

जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य ने बैठक को सफल बताते हुए कहा कि जसपुर से खटीमा तक के सभी 35 जिला पंचायत सदस्यों ने शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की प्रमुख समस्याएं और विकास से जुड़े प्रस्ताव सदन के सामने रखे। पूर्व में सामने आई समस्याओं की भी समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

अजय मौर्य के अनुसार, बोर्ड ने सदस्यों की ओर से रखे गए प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की है। प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया है कि स्वीकृत कार्यों को जल्द टेंडर प्रक्रिया में लाकर उन पर कार्रवाई शुरू की जाएगी।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव गोस्वामी, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी, मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वीकेएस यादव, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता आनंद सिंह नेगी, भरत सिंह डांगी, सुशील कुमार, बीएस रौतेला, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत सहित जिला पंचायत सदस्य और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त