सोशल मीडिया पर कमेंटबाजी से खूनी विवाद! सतीघाट पर युवक पर झोंका तमंचे से फायर, तीन आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार,सत्य संवाद 24×7। सोशल मीडिया पर कमेंट करने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। कनखल क्षेत्र के सतीघाट पर युवकों के बीच हुई कहासुनी के बाद एक युवक के साथ मारपीट की गई और उसे जान से मारने की नीयत से तमंचे से गोली चला दी गई। गनीमत रही कि युवक गोली लगने से बाल-बाल बच गया। मामले में कनखल पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी अभी फरार है।

पुलिस के मुताबिक, घटना 27 अक्टूबर 2026 की रात की है। कनखल के सतीघाट पर कुछ युवकों के बीच सोशल मीडिया पर कमेंटबाजी को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने शिकायतकर्ता के बेटे के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उस पर तमंचे से फायरिंग कर दी। हालांकि, युवक गोली की चपेट में आने से बच गया।

Advertisement

घटना के संबंध में पीड़ित पक्ष की तहरीर पर कोतवाली कनखल में मुकदमा अपराध संख्या 414/2026 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की। पुलिस टीम ने 28 अक्टूबर को दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय की ओर से चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई। पुलिस अब फरार मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी है। साथ ही मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी:

  1. आर्यन राजपूत पुत्र रूपचन्द्र, निवासी लोधामंडी, राजघाट, कनखल।
  2. गौतम सिंह पुत्र महेन्द्र सिंह, निवासी बैरागी कैंप, कनखल।
  3. मनीष कुमार पुत्र महेन्द्र सिंह, निवासी कमल बस्ती, बैरागी कैंप, कनखल।

सत्य संवाद 24×7 | सच के साथ, हर वक्त