अर्धकुंभ-2027 की तैयारियों को केंद्र की बड़ी सौगात, उत्तराखंड को मिला 14,520 मीट्रिक टन अतिरिक्त खाद्यान्न

हरिद्वार, सत्य संवाद 24×7।हरिद्वार में प्रस्तावित अर्धकुंभ मेला-2027 के सफल आयोजन को लेकर केंद्र सरकार ने उत्तराखंड को बड़ी सौगात दी है। मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं और आगंतुकों की संभावित भीड़ को देखते हुए केंद्र ने राज्य के लिए 14,520 मीट्रिक टन अतिरिक्त खाद्यान्न आवंटित किया है। इसमें 7,260 मीट्रिक टन गेहूं और 7,260 मीट्रिक टन चावल शामिल हैं।

अर्धकुंभ मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना है। ऐसे में खाद्यान्न की पर्याप्त उपलब्धता और सुचारु आपूर्ति व्यवस्था बनाए रखने के लिए उत्तराखंड सरकार ने केंद्र से अतिरिक्त खाद्यान्न आवंटित करने का अनुरोध किया था। राज्य की मांग पर भारत सरकार के खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग ने यह आवंटन मंजूर किया है।

Advertisement

इस संबंध में केंद्रीय खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री प्रह्लाद जोशी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर इसकी जानकारी दी है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अतिरिक्त खाद्यान्न आवंटित करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस आवंटन से अर्धकुंभ मेले के दौरान खाद्यान्न की उपलब्धता सुनिश्चित करने और आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

राज्य सरकार अर्धकुंभ-2027 के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए आवश्यक तैयारियों में जुटी है। अतिरिक्त खाद्यान्न का आवंटन मेले की व्यवस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

सत्य संवाद 24×7 | सच के साथ, हर वक्त