दिल्ली में महारैली के बीच कारोबार प्रभावित होने का दावा, CTI बोला- 2.5 लाख दुकानें बंद, 80% व्यापार ठप

नई दिल्ली। सत्य संवाद 24×7। दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को आयोजित कांग्रेस की महारैली के बीच राजधानी के कारोबार पर असर पड़ने का दावा किया गया है। चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) के मुताबिक, महारैली के चलते दिल्ली के करीब 2.5 लाख दुकानों के बंद रहने की स्थिति बनी है और लगभग 80 प्रतिशत कारोबार प्रभावित हुआ है।

Advertisement

CTI ने इस संबंध में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को चौथा पत्र लिखकर व्यापारियों की समस्याओं से अवगत कराया है। संगठन का कहना है कि रामलीला मैदान के पांच किलोमीटर के दायरे में करीब 3 लाख दुकानें हैं, जिनमें से लगभग 2.5 लाख दुकानें बंद रहने की आशंका है। इससे करीब 80 प्रतिशत कारोबार प्रभावित हो सकता है।

10 किलोमीटर के दायरे में परिवहन व्यवस्था प्रभावित

CTI के मुताबिक, रैली के चलते रामलीला मैदान के आसपास 10 किलोमीटर के दायरे में परिवहन, माल की आवाजाही और लोडिंग-अनलोडिंग प्रभावित हुई है। इससे चांदनी चौक, सदर बाजार, खारी बावली, चावड़ी बाजार, कश्मीरी गेट, दरियागंज, कनॉट प्लेस और अन्य प्रमुख बाजारों के कारोबार पर असर पड़ने की आशंका जताई गई है।

दिवाली के कारोबार पर भी संकट

व्यापारियों का कहना है कि धनतेरस और दिवाली से पहले यह कारोबार का बेहद महत्वपूर्ण समय है। CTI ने दावा किया है कि प्रभावित बाजारों में प्रतिदिन 10 से 12 हजार करोड़ रुपये तक का कारोबार होता है। ऐसे में यातायात प्रतिबंधों और दुकानों के बंद रहने से व्यापारियों के साथ-साथ उनसे जुड़े लाखों लोगों की आजीविका पर भी असर पड़ सकता है।

वहीं, राहुल गांधी ने महारैली में शामिल होने दिल्ली आ रहे लोगों से स्थानीय बाजारों में खरीदारी करने की अपील की थी। CTI ने इस अपील का स्वागत किया, लेकिन कहा कि जब बाजारों तक पहुंचना मुश्किल होगा और दुकानें बंद रहेंगी तो लोग खरीदारी कैसे कर पाएंगे।

नोट: दुकानें बंद होने और 80 प्रतिशत कारोबार प्रभावित होने के आंकड़े CTI के दावे हैं।

सत्य संवाद 24×7 सच के साथ, हर वक्त