रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7। नगर निगम की ओर से श्रीराम पार्क में आयोजित स्वदेशी दिवाली मेले में चौथे दिन भजन और संगीत की शानदार प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। शुक्रवार शाम आयोजित भव्य भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायक रितेश मनोचा और अमन सांवरिया ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। राम, कृष्ण और शिव भक्ति के भजनों पर पूरा पंडाल जय श्रीराम और राधे-राधे के जयकारों से गूंज उठा। देर रात तक लोग भजनों की धुन पर झूमते नजर आए।
भजनों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
भजन संध्या का शुभारंभ मुख्य अतिथि बाबा विक्रमजीत सिंह लाल जी महाराज ने किया। इससे पहले धार्मिक और लोक संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इसके बाद रितेश मनोचा और अमन सांवरिया ने मंच संभाला और एक के बाद एक लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति दी।
‘जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे’, ‘जय राधा माधव जय कुंज बिहारी’, ‘गोविंद मेरो है गोपाल मेरो है’ और ‘राधे-राधे रटो चले आएंगे बिहारी’ जैसे भजनों पर श्रोता भाव-विभोर हो गए। वहीं ‘बम-बम लहरी’, ‘बम भोले’ और बाबा श्याम की भक्ति से जुड़े भजनों ने भी माहौल को भक्तिमय बना दिया। हर प्रस्तुति के साथ पंडाल में मौजूद श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ता गया।
धर्म और संस्कृति को बढ़ावा देने की पहल सराहनीय: बाबा विक्रमजीत सिंह
मुख्य अतिथि बाबा विक्रमजीत सिंह लाल जी महाराज ने महापौर विकास शर्मा और नगर निगम की टीम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि दीपावली के अवसर पर स्वदेशी मेले में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन समाज को अपनी परंपराओं और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने का अच्छा प्रयास है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम की जिम्मेदारी केवल शहर की भौतिक सुविधाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सद्भाव, संस्कार और सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित करना भी महत्वपूर्ण है। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक और भक्तिमय वातावरण तैयार करते हैं।
स्थानीय व्यापारियों को मंच देना भी मेले का उद्देश्य: महापौर
महापौर विकास शर्मा ने अतिथियों, कलाकारों और मेले में पहुंच रहे शहरवासियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि स्वदेशी दिवाली मेला केवल मनोरंजन का आयोजन नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर और विकसित रुद्रपुर की सोच को आगे बढ़ाने का माध्यम है।
उन्होंने बताया कि मेले के जरिए स्थानीय दुकानदारों, छोटे व्यापारियों, कारीगरों और लघु उद्यमियों को अपने उत्पाद बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है। साथ ही धार्मिक, सांस्कृतिक और लोक कलाओं को भी प्रोत्साहन दिया जा रहा है। महापौर ने शहरवासियों से स्वदेशी उत्पाद अपनाने और स्थानीय व्यापारियों का सहयोग करने की अपील की।
अतिथियों और कलाकारों का किया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान बाबा विक्रमजीत सिंह लाल जी महाराज सहित अन्य अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। भजन संध्या में प्रस्तुति देने वाले कलाकारों को भी नगर निगम की ओर से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर समाजसेवी गौरव जुयाल का जन्मदिन भी मनाया गया। मंच पर केक काटकर उन्हें शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम में दर्जा मंत्री रामपाल सिंह, भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौहान, राजन राठौर, सुनील ठुकराल, पवन गावा, गौरव सक्सेना, अमित अरोरा बॉबी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
आज कवि सम्मेलन और डीजे बैंड रहेंगे आकर्षण
स्वदेशी दिवाली मेले में शनिवार शाम कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें कवि भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों, मर्यादा और रामभक्ति पर आधारित रचनाएं प्रस्तुत करेंगे। इसके साथ ही डीजे बैंड की प्रस्तुति भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेगी। महापौर ने शहरवासियों से मेले में पहुंचकर कार्यक्रमों का आनंद लेने और स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी करने की अपील की है।
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त

