भूटान, सत्यसंवाद24×7। भूटान में गुरुवार देर रात शिंताफू ग्लेशियर झील फटने से भारी तबाही मच गई। झील से निकले पानी के तेज बहाव में भूटान का प्रसिद्ध गर्म पानी का कुंड गासा त्साचु पूरी तरह बह गया, जबकि पुनाखा-गासा हाईवे का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, राहत की बात यह है कि अब तक किसी की मौत की सूचना सामने नहीं आई है।
संकोश नदी का बढ़ा जलस्तर, भारत में अलर्ट
ग्लेशियर झील फटने के बाद संकोश नदी का जलस्तर बढ़ गया है। यह नदी भूटान से निकलकर असम और पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती इलाकों से गुजरती है और आगे ब्रह्मपुत्र नदी में मिल जाती है। नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए भारत के संबंधित क्षेत्रों में अलर्ट जारी किया गया है।
बंगाल में 10 हजार से अधिक लोग सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट
पानी के भारतीय क्षेत्रों तक पहुंचने की आशंका को देखते हुए पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार में प्रशासन ने 10 हजार से अधिक लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया है। लोगों को सतर्क करने के लिए रातभर सायरन बजाए गए। वहीं, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए NDRF, SDRF और आपदा प्रबंधन की टीमें तैनात कर दी गई हैं।
प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त

