हरिद्वार,सत्य संवाद 24×7।हरिद्वार के सिडकुल स्थित वी मार्क इंडिया लिमिटेड कंपनी में 19.67 लाख रुपये के माल में कथित हेराफेरी और धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। कंपनी प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने तीन कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, कंपनी के सहायक जनरल मैनेजर (एचआर) अभय कुमार गोयल ने शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि तीनों कर्मचारियों ने आपसी मिलीभगत से माल में हेराफेरी कर कंपनी को करीब 19.67 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान पहुंचाया।
शिकायत में मैनेजर मनोज कुमार, सहायक मैनेजर अमित कुमार और पैकिंग एवं डिस्पैच विभाग के अरविंद कुमार के नाम शामिल हैं।
सिडकुल थाना प्रभारी अजय शाह ने बताया कि शिकायत के आधार पर तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।
सत्य संवाद 24×7

