खटीमा को जाम से मिलेगी राहत, 14.97 करोड़ से चौड़ी होगी प्रमुख सड़क; सीएम धामी ने किया शिलान्यास

खटीमा (ऊधमसिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को खटीमा के राणा मार्केट, सितारगंज रोड में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 14.97 करोड़ रुपये की लागत से खटीमा चौक से थारू विकास भवन तक मोटर मार्ग के चौड़ीकरण कार्य का शिलान्यास एवं भूमि पूजन किया। सड़क चौड़ीकरण पूरा होने के बाद क्षेत्र की यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और आसपास के ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों के स्नेह और अपनत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि खटीमा से उनका रिश्ता केवल जनप्रतिनिधि और चुनाव क्षेत्र का नहीं, बल्कि मां-बेटे के पवित्र रिश्ते जैसा अटूट है। जनता का आशीर्वाद ही उन्हें बिना थके और बिना रुके प्रदेश की सेवा करने की ऊर्जा देता है।

Advertisement

कई क्षेत्रों और नेपाल जाने वाले यात्रियों को मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण से बंडिया, चकरपुर, टनकपुर, लोहाघाट, पिथौरागढ़, धारचूला और चंपावत सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को सुविधा मिलेगी। पड़ोसी देश नेपाल की ओर आने-जाने वाले यात्री भी इस मार्ग का लाभ उठा सकेंगे। सड़क चौड़ी होने से यातायात सुगम होगा और जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

शिक्षा से लेकर धार्मिक पर्यटन तक विकास कार्यों का जिक्र

मुख्यमंत्री ने खटीमा में चल रहे और पूरे हो चुके विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि क्षेत्र में शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर लगातार काम किया जा रहा है। डिग्री कॉलेज में नए कक्षों और भवन ब्लॉकों का निर्माण कराया गया है, जबकि आईटीआई और बालिका विद्यालयों का आधुनिकीकरण किया गया है।

उन्होंने बताया कि प्रतापपुर से नानकमत्ता और टनकपुर से खटीमा तक सड़कों के चौड़ीकरण के साथ खेतलसंडा पुल और बस अड्डे जैसे महत्वपूर्ण निर्माण कार्य भी कराए गए हैं। किसानों के हित में शुगर फैक्ट्री का सुचारू संचालन, समय पर गन्ने की पेराई और गन्ना मूल्य का भुगतान सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

ड्रेनेज व्यवस्था के लिए 300 करोड़ से अधिक की धनराशि स्वीकृत

मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में ऑक्सीजन पार्क, क्रोकोडाइल पार्क और भारमल बाबा मंदिर सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों का सौंदर्यीकरण कराया गया है। खटीमा शहर की जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 300 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है। इससे शहर की ड्रेनेज व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

स्वच्छ और आधुनिक खटीमा बनाने का संकल्प

मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक सुविधाओं से युक्त शहर बनाना उनका पुराना संकल्प है। क्षेत्र का चहुंमुखी विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि खटीमा के विकास के लिए प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।

इससे पहले मुख्यमंत्री खटीमा चौराहे से कार्यक्रम स्थल तक पैदल पहुंचे। रास्ते में जगह-जगह स्थानीय नागरिकों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, राज्य मंत्री मोहनी पोखरिया, संतोष गौरव, गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह, रणजीत सिंह नामधारी, भाजपा नेता सतीश भट्ट, रामू भारती, वीसी जय किशन, एडीएम पंकज उपाध्याय सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त