प्रदेश में लालकुआं दुग्ध संघ का डंका, सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए मिला राज्यस्तरीय सम्मान

लालकुआं (नैनीताल)। सत्य संवाद 24×7।दुग्ध उत्पादन और सहकारिता के क्षेत्र में लालकुआं दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए पूरे उत्तराखंड में अपनी पहचान बनाई है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर लालकुआं दुग्ध संघ को प्रदेश का सर्वश्रेष्ठ दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ घोषित किया गया है। इस उपलब्धि पर प्रदेश के पशुपालन एवं दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा को सम्मानित कर पुरस्कार प्रदान किया।

ऊधमसिंह नगर जिले के शक्तिफार्म में आयोजित पशुपालन चिंतन गोष्ठी एवं मेले के दौरान लालकुआं दुग्ध संघ को यह प्रतिष्ठित सम्मान दिया गया। उत्तराखंड सहकारी डेरी फेडरेशन लिमिटेड की ओर से जारी प्रमाणपत्र के अनुसार, 20 हजार लीटर से अधिक दैनिक प्रसंस्करण क्षमता वाले मैदानी क्षेत्र के दुग्ध संघों की श्रेणी में वित्तीय वर्ष 2025-26 के दुग्ध उपार्जन संबंधी आंकड़ों के आधार पर लालकुआं दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड का चयन किया गया।

Advertisement

बेहतर प्रबंधन और सामूहिक प्रयासों को मिला सम्मान

मंत्री सौरभ बहुगुणा ने संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा को सम्मानित करते हुए इस उपलब्धि की सराहना की। इस सफलता को संघ की प्रभावी प्रबंधन व्यवस्था, कार्यकुशलता और दुग्ध उत्पादकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम माना जा रहा है। सम्मान से संबंधित प्रमाणपत्र उत्तराखंड सहकारी डेरी फेडरेशन के प्रबंध निदेशक जयदीप अरोड़ा, महाप्रबंधक आरएम तिवारी और उप महाप्रबंधक पीएस नागपाल के हस्ताक्षरों से जारी किया गया है।

दुग्ध उत्पादकों में खुशी की लहर

लालकुआं दुग्ध संघ को प्रदेश में पहला स्थान मिलने से नैनीताल जनपद के दुग्ध उत्पादकों और सहकारिता क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। ग्रामीण क्षेत्रों के पशुपालकों की मेहनत, दुग्ध समितियों की सक्रियता और सहकारी व्यवस्था के बेहतर तालमेल ने इस उपलब्धि को संभव बनाया है। यह सम्मान न केवल संघ की कार्यप्रणाली को पहचान देता है, बल्कि क्षेत्र के दुग्ध उत्पादकों के योगदान को भी सम्मानित करता है।

सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त