रुद्रपुर। सत्य संवाद 24×7। जिला मुख्यालय से कुछ किलोमीटर दूर रायपुर गांव में दबंगों ने रंजिश के चलते एक होमगार्ड के परिवार पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में होमगार्ड का पुत्र गुरमीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसकी मां सुखविंदर कौर और नाबालिग बहन को भी चोटें आई हैं। पीड़ित परिवार ने डायल 112 पर सूचना देने के बावजूद समय पर पुलिस सहायता नहीं मिलने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, रायपुर निवासी महेंद्र सिंह होमगार्ड के पद पर तैनात हैं और उनकी ड्यूटी रुद्रपुर कोतवाली में है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि उनके पड़ोस में रहने वाला एक व्यक्ति आपराधिक प्रवृत्ति का है और बिंदुखेड़ा में गोली मारकर हत्या के प्रयास के मामले में वांछित चल रहा है।
बताया जा रहा है कि बीती रात पुलिस उक्त आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गांव में दबिश देने पहुंची थी। इसके बाद आरोपी को शक हो गया कि होमगार्ड का परिवार पुलिस को मुखबिरी कर रहा है। आरोप है कि पुलिस के वापस लौटने के बाद आरोपी अपने परिजनों के साथ होमगार्ड के घर पहुंचा और दरवाजा खटखटाने लगा। किसी अनहोनी की आशंका के चलते परिवार ने दरवाजा नहीं खोला।
होमगार्ड के ड्यूटी पर जाते ही किया हमला
पीड़ित परिवार के मुताबिक, सुबह जब महेंद्र सिंह ड्यूटी के लिए घर से निकल गए तो पड़ोसियों ने उनके परिवार के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से गुरमीत सिंह पर हमला कर दिया। हमले में उसके सिर पर गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान हो गया।
बेटे को बचाने के लिए उसकी मां सुखविंदर कौर और नाबालिग बहन बीच-बचाव करने पहुंचीं तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की, जिससे दोनों घायल हो गईं।
डायल 112 पर कॉल के बाद भी नहीं पहुंची पुलिस, परिजनों का आरोप
हमले के बाद पीड़ित परिवार ने मदद के लिए डायल 112 पर फोन किया, लेकिन आरोप है कि काफी देर इंतजार करने के बावजूद पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद परिचितों की मदद से घायल परिवार को रुद्रपुर कोतवाली पहुंचाया गया।
कोतवाली पहुंचने पर पुलिस ने घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेज दिया। खबर लिखे जाने तक पुलिस मामले की जांच में जुटी थी। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सत्य संवाद 24×7 / सच के साथ, हर वक्त

