देहरादून, सत्य संवाद 24×7। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 1 नवंबर 2026 को उत्तराखंड पहुंचेंगी। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति 2 नवंबर को केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगी। उनके दौरे को लेकर उत्तराखंड शासन और रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
शाम 4:45 बजे जौलीग्रांट पहुंचने का कार्यक्रम
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 1 नवंबर को शाम करीब 4:45 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगी। इसके बाद वह देहरादून स्थित लोक भवन जाएंगी, जहां उनके रात्रि विश्राम का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
अगले दिन, 2 नवंबर की सुबह राष्ट्रपति हेलीकॉप्टर से केदारनाथ धाम पहुंचेंगी और बाबा केदार की पूजा-अर्चना करेंगी। दर्शन के बाद उनके जौलीग्रांट एयरपोर्ट लौटकर दिल्ली रवाना होने का कार्यक्रम है।
कपाट बंद होने से पहले करेंगी दर्शन
केदारनाथ मंदिर के कपाट 11 नवंबर को सुबह 8:30 बजे शीतकाल के लिए बंद होने निर्धारित हैं। ऐसे में राष्ट्रपति का प्रस्तावित दौरा कपाट बंद होने से पहले हो रहा है।
सुरक्षा और हवाई संचालन पर विशेष ध्यान
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए शासन और जिला प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क है। मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा, आवागमन, हेलीपैड और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
दौरे के दौरान मौसम की स्थिति और हेलीकॉप्टर संचालन को लेकर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि राष्ट्रपति की यात्रा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न हो सके।
सत्य संवाद 24×7

